ETV Bharat / state

मिठाईयों के दाम बढ़े, फिर भी जमकर खरीदारी; ट्रेंड में रही शुगर फ्री मिठाई, हमीरपुर में डिमांड

एक हजार रुपए किलो बिकने वाली काजू और मेवा बर्फी के दाम बढ़कर करीब 1400 रुपए किलो तक पहुंच गए.

मिठाईयों के दाम बढ़े, फिर भी जमकर खरीदारी.
मिठाईयों के दाम बढ़े, फिर भी जमकर खरीदारी. (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : August 29, 2026 at 8:19 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हमीरपुर: रक्षाबंधन पर मिठाइयों के बढ़े दाम लोगों की जेब पर भारी जरूर पड़े, लेकिन भाई-बहन के रिश्ते में मिठास घोलने का उत्साह कम नहीं हुआ. शुक्रवार को शहर की मिठाई की दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ उमड़ी. इस बीच शुगर फ्री मिठाईयों की भी जमकर खरीदारी की गई.

बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधने के साथ उनका मुंह मीठा कराने के लिए मिठाइयां खरीदीं. छेना, काजू बर्फी और मेवा बर्फी की मांग सबसे अधिक रही.

मिठाई कारोबारियों के मुताबिक, पिछले वर्ष की तुलना में इस बार विभिन्न मिठाइयों के दाम में करीब 200 से 400 रुपए प्रति किलो तक की बढ़ोतरी हुई है. इसके बावजूद रक्षाबंधन पर बिक्री पर खास असर नहीं पड़ा.

शहर में करीब 40 क्विंटल मिठाई की खपत होने का अनुमान है. कई दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ के कारण उन्हें अपनी बारी के लिए इंतजार करना पड़ा. रक्षाबंधन को देखते हुए मिठाई कारोबारियों ने पहले से ही पर्याप्त स्टॉक तैयार कर रखा था.

शहर की प्रमुख मिठाई दुकानों पर सुबह से खरीदार पहुंचने लगे. बहनों के अलावा परिवार के अन्य लोग भी मिठाई खरीदते नजर आए. मिठाई कारोबारियों का कहना है कि दूध, चीनी, सूखे मेवे और चांदी के वर्क समेत मिठाई बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री के दाम बढ़े हैं.

पैकिंग सामग्री महंगी होने का असर भी कीमतों पर पड़ा है. पिछले साल 400 से 500 रुपए प्रति किलो बिकने वाली कई मिठाइयां इस बार 600 से 700 रुपए किलो तक पहुंच गईं.

वहीं, करीब एक हजार रुपए किलो बिकने वाली काजू और मेवा बर्फी के दाम बढ़कर करीब 1400 रुपए किलो तक पहुंच गए. त्योहार से पहले दूध के दाम भी बढ़े हैं.

कारोबारियों के अनुसार करीब 50 से 55 रुपए लीटर बिकने वाला दूध 60 से 65 रुपए और कुछ जगह 70 रुपए लीटर तक पहुंच गया. कच्चे माल की लागत बढ़ने से मिठाई के दाम बढ़ाना मजबूरी बनी है.

मिष्ठान कारोबारी ब्रह्मदेव दीक्षित ने बताया कि दूध, चीनी और सूखे मेवे समेत सभी सामग्री महंगी हुई है. इसके चलते मिठाई के दाम बढ़े हैं, लेकिन ग्राहकों के उत्साह में कमी नहीं आई. करीब 15 क्विंटल मिठाई की बिक्री हुई. छेना और काजू बर्फी की मांग अधिक रही.

मिष्ठान कारोबारी शिवाकांत तिवारी ने बताया कि करीब तीन क्विंटल मिठाई की बिक्री हुई. सोनपापड़ी, काजू बर्फी और मेवा बर्फी की मांग अधिक रही. पिछले वर्ष की तुलना में मिठाइयों के दाम 200 से 400 रुपए प्रति किलो तक बढ़े हैं. कई मिठाइयां दोपहर तक ही बिक गईं.

मिठाइयों का भाव

  • खोया: 400 रुपए प्रति किलो
  • शुगर फ्री मिठाई: 800 रुपए प्रति किलो
  • लड्डू: 500 रुपए प्रति किलो
  • सोनपापड़ी: 550 रुपए प्रति किलो
  • छेना: 500 रुपए प्रति किलो
  • काजू बर्फी: 1400 रुपए प्रति किलो
  • मेवा बर्फी: 1400 रुपए प्रति किलो
  • काजू की राखी: 1300 रुपए प्रति किलो

यह भी पढ़ें: शामली में सिंगर अंकित बलियान हत्याकांड; पिता ने पुलिस को दिया 4 दिन का अल्टीमेटम