हाथियों ने सेंदुर नदी को बनाया बॉथ टब, हीट वेव से इंसान और जंबो दोनों परेशान
रामानुजगंज जंगल में 22 हाथियों के झुंड ने डेरा डाल रखा है, वन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : June 2, 2026 at 8:20 PM IST
बलरामपुर: गर्मी अपने चरम पर है, इंसान और जंगली जीव-जंतु सभी हीटवेव से परेशान हैं. लू और गर्मी से बचने के लिए रामानुजगंज फॉरेस्ट रेंज के जंगल में हाथियों के झुंड ने डेरा डाल रखा है. करीब 2 दर्जन हाथी बीते एक महीने से यहां डेरा डाले हुए हैं. हाथियों का ये झुंड पेट भर खाना खाने के बाद तकियाटोला इलाके के सेंदुर नदी में नहाने के लिए पहुंचता है. हाथियों के नहाने का वीडियो भी गांव वालों ने बनाया है. इलाके में हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग की टीम भी मौके पर डटी है. वन विभाग की टीम हाथियों की निगरानी के साथ साथ लोगों को भी सुरक्षा के लिहाज से आगाह कर रही है. लोगों को बताया जा रहा है कि वो हाथियों के झुंड के पास नहीं जाएं, न ही उनकी भड़काने की कोशिश करें.
हाथियों ने सेंदुर नदी को बनाया बॉथ टब
बलरामपुर रामानुजगंज वन परिक्षेत्र समृद्ध वन क्षेत्र की श्रेणी में आता है. यहां हाथियों को आसानी से भोजन और सेंदुर नदी से पीने का पानी उपलब्ध हो जाता है. इसी वजह से हाथी इस इलाके में ज्यादा दिन रुकना पसंद करते हैं. हालांकि इतनी बड़ी संख्या में हाथियों के दल के विचरण से क्षेत्रवासियों में डर और दहशत बना हुआ रहता है.
वन विभाग के द्वारा हाथी विचरण क्षेत्र में लगातार मुनादी कराकर ग्रामीणों को जंगल की तरफ नहीं जाने और अनावश्यक नहीं घूमने को लेकर समझाइश देकर जागरूक किया जा रहा है: दिलरुबा बानो, रेंजर रामानुजगंज
हाथियों के दल को आसानी से उपलब्ध हो रहा पानी और भोजन
रामानुजगंज रेंजर दिलरुबा बानो ने जानकारी देते हुए बताया कि कनकपुर रामपुर चिनिया और तकिया टोला एरिया में बीते एक महीने से करीब 22 हाथियों का दल विचरण कर रहा है. जंगल में हाथियों को पर्याप्त भोजन और गर्मी में सेंदुर नदी में पीने के लिए पानी उपलब्ध हो जा रहा है, इसलिए हाथियों का यह दल इस क्षेत्र में अपना रहवास बनाकर विचरण कर रहा है.
रामानुजगंज फोरेस्ट रेंज के कनकपुर रामपुर चिनिया और तकिया टोला में बीते महीने भर से करीब 22 हाथियों का समूह विचरण कर रहा है यहां के जंगल में हाथियों के दल को अनुकूल वातावरण के साथ भोजन और पानी आसानी से उपलब्ध हो रहा है इसलिए हाथियों का यह दल इस क्षेत्र में डेरा जमाए हुए है: दिलरुबा बानो, रेंजर रामानुजगंज
मुनादी कराकर ग्रामीणों को किया जा रहा जागरूक
रामानुजगंज वन विभाग की टीम हाथियों के दल के विचरण पर निगरानी कर रही है और इनके विचरण क्षेत्र के गांव में लगातार टीम के द्वारा भ्रमण कर मुनादी कराते हुए ग्रामीणों को जंगल की तरफ नहीं जाने और अनावश्यक घर से बाहर नहीं निकलने को लेकर समझाइश देते हुए जागरूक किया जा रहा है.
झीरम कांड बरसी: 13 साल बीतने के बाद भी न्याय नहीं मिला, डबल इंजन सरकार में जांच अधूरी: सुशील मौर्य

