ETV Bharat / state

ओवरटेकिंग के विवाद में तीर्थयात्रियों ने स्थानीय युवकों को पीटा, तीन लोग हिरासत में, तीन फरार

स्थानीय युवक सुमेरपुर में रेलवे निर्माण कार्य से घर लौट रहे थे, तभी हेमकुंड साहिब तीर्थयात्रा पर आए लोगों से ओवरटेकिंग को लेकर विवाद हुआ

RUDRAPRAYAG OVERTAKING DISPUTE
ओवरटेकिंग के विवाद में मारपीट (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : July 9, 2026 at 11:54 AM IST

|

Updated : July 9, 2026 at 12:04 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रुद्रप्रयाग: जनपद रुद्रप्रयाग में बुधवार सायंकाल ओवरटेकिंग को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. आरोप है कि हेमकुंड साहिब की यात्रा पर आए छह सिख यात्रियों ने दो स्थानीय युवकों के साथ मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव एवं आक्रोश का माहौल बन गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपित यात्रियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि तीन अन्य मौके से फरार हो गए. मामले की जांच जारी है.

ओवरटेक के विवाद में तीर्थयात्रियों ने स्थानीय युवकों को पीटा: प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार सायंकाल बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे सुमेरपुर क्षेत्र में रेलवे निर्माण कार्य में कार्यरत दो स्थानीय युवक ड्यूटी समाप्त कर अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान हेमकुंड साहिब की यात्रा पर आए पंजाब के यात्रियों से उनकी ओवरटेकिंग को लेकर कहासुनी हो गई. आरोप है कि देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और छह यात्रियों ने दोनों स्थानीय युवकों पर हमला कर दिया. बताया गया कि हमलावरों ने हाथों में पहने लोहे के कड़ों से उनके चेहरे पर वार किए, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए.

तीर्थयात्रियों ने स्थानीय युवकों को पीटा (Etv Bharat)

दो स्थानीय युवक घायल हुए: घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपित वहां से भागने लगे. घायल युवकों ने उनका पीछा किया और जानकारी मिलने पर तिलनी स्थित एक होटल में उन्हें घेर लिया. इस बीच स्थानीय लोगों को भी घटना की सूचना दे दी गई. जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक तीन आरोपित फरार हो चुके थे, जबकि तीन को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया. पुलिस सभी को कोतवाली लेकर पहुंची, जहां घायलों एवं हिरासत में लिए गए यात्रियों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया.

यात्रियों के हमलों पर स्थानीय लोगों ने जताई चिंता: घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष व्याप्त है. स्थानीय निवासी गौरव चौधरी, रेलवे संघर्ष समिति के अध्यक्ष सुनील रावत तथा ग्रामीण वीरेंद्र रावत ने कहा कि-

हाल के दिनों में बाहरी यात्रियों से जुड़े ऐसे विवाद लगातार सामने आ रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है. हमने आरोपितों के विरुद्ध कठोर एवं निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई की मांग की है. कुछ दिन पूर्व नगरासू स्थित गुरुद्वारे में निहंग सिखों के हंगामे की घटना के बाद अब इस मारपीट की घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है.
-सुनील रावत, अध्यक्ष, रेलवे संघर्ष समिति-

तीन तीर्थयात्री पुलिस हिरासत में: घायल हिमांशु भंडारी एवं धर्मेंद्र नेगी ने बताया कि वे रेलवे निर्माण कंपनी में कार्यरत हैं. ड्यूटी समाप्त कर लौटते समय ओवरटेकिंग को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद छह यात्रियों ने उन पर हमला कर दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने हाथों में पहने कड़ों से उनके चेहरे पर वार किए और घटना के बाद फरार हो गए. पीछा करने पर पता चला कि वे तिलनी स्थित एक होटल में ठहरे हुए हैं. इसके बाद स्थानीय लोगों की सहायता से तीन आरोपितों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया.

पुलिस कर रही है जांच: इस संबंध में पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने बताया कि-

मारपीट की घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है. घायलों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं. हिरासत में लिए गए तीन यात्रियों से भी पूछताछ की जा रही है. जांच निष्पक्ष एवं तथ्यों के आधार पर की जाएगी. जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
-निहारिका तोमर, पुलिस अधीक्षक-

ये भी पढ़ें: कर्णप्रयाग निहंग विवाद: सरकार का डिफेंस या पंजाब चुनाव का प्रेशर? विपक्ष के सवाल, बीजेपी का बचाव

Last Updated : July 9, 2026 at 12:04 PM IST