निकाय चुनाव को लेकर भाजपा का हल्ला बोल, 5 से 7 जनवरी तक प्रदेशभर में धरना प्रदर्शन
प्रदेश बीजेपी की बैठक में राज्य के लंबित नगर निकाय चुनावों पर विस्तृत चर्चा की गई.

Published : December 28, 2025 at 8:09 PM IST
रांचीः झारखंड भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की अध्यक्षता में संपन्न हुई.
इस बैठक में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सह सांसद आदित्य साहू, सांसद दीपक प्रकाश, उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, भानु प्रताप शाही, महामंत्री सह सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा, महामंत्री मनोज कुमार सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी, विधायक राज सिन्हा, पूर्व विधायक अनंत ओझा, वरिष्ठ नेता शैलेन्द्र सिंह और अभय सिंह सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में राज्य के लंबित नगर निकाय चुनावों पर विस्तृत चर्चा की गई.
निकाय चुनाव कराए बिना सरकार चलाना चाहती है हेमंत सरकार
इस बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड सरकार की निकाय चुनाव कराने की कोई मंशा नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन सरकार चुनाव टालने के लिए लगातार बहाने बना रही है, जिससे जनता की रोजमर्रा की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है.

उन्होंने कहा कि राज्य के 49 नगर निकायों जिनमें 22 नगर पंचायत, 18 नगर परिषद और 9 नगर निगम शामिल हैं में जल्द से जल्द चुनाव कराया जाना चाहिए. उन्होंने यह भी मांग की कि चुनाव दलीय आधार पर और ईवीएम से कराए जाएं. उन्होंने कहा कि आज का भारत डिजिटल भारत है. जब प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री तक ईवीएम से चुने जाते हैं तो निकाय चुनावों में इससे परहेज क्यों?. बाबूलाल मरांडी ने घोषणा की कि भाजपा 5, 6 और 7 जनवरी को सभी नगर निकाय क्षेत्रों में धरना-प्रदर्शन करेगी और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपेगी.
‘जी राम जी योजना’ पर कांग्रेस पर बरसे आदित्य साहू
इस बैठक में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू ने कांग्रेस पार्टी पर ‘जी राम जी योजना’ का विरोध करने के लिए तुष्टीकरण की राजनीति का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 60 वर्षों में हजारों योजनाओं के नाम बदले, एक परिवार को आगे बढ़ाया, लेकिन अब राम के नाम पर उसे आपत्ति होती है.
आदित्य साहू ने कहा कि यह योजना गांवों को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है. इसमें जियो-टैग होने के कारण योजनाओं की पारदर्शी मॉनिटरिंग और हर छह माह पर ऑडिट का प्रावधान किया गया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस बताए, अगर मजदूरों के लिए रोजगार दिवस 100 से 125 दिन करना गलत है तो क्यों? क्या योजनाओं में पारदर्शिता और भ्रष्टाचार-नियंत्रण उनसे खटक रहा है?. आदित्य साहू ने घोषणा की कि भाजपा कार्यकर्ता ‘जी राम जी योजना’ के समर्थन में राज्यव्यापी अभियान चलाएंगे और लोगों को इसकी विशेषताओं की जानकारी देंगे.
इसे भी पढ़ें- बीजेपी कोर कमेटी की बैठक, नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर कराने की मांग
इसे भी पढ़ें- हेमंत सरकार पर भड़के पूर्व सीएम चंपाई सोरेन, बोले- कहां है पेसा अधिनियम? 2026 होगा जनआंदोलन का साल
इसे भी पढ़ें- हेमंत सरकार है दलित विरोधी, कर रही है हकमारीः अमर कुमार बाउरी

