ETV Bharat / state

जमीन विवाद के बाद देवघर में हेलीकॉप्टर सेवा बंद, वैकल्पिक स्थान तलाशने की प्रक्रिया शुरू

देवघर में जमीन विवाद के बाद हेलीकॉप्टर सेवा बंद कर दी गई है. हितेश कुमार चौधरी की रिपोर्ट.

Helicopter service suspended
जमीन विवाद के बाद हेलीकॉप्टर सेवा बंद (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : August 21, 2026 at 4:29 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

देवघर: श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं के लिए शुरू की गई देवघर की हेलीकॉप्टर सेवा शुक्रवार से बंद हो गई. देवघर के हथगढ़ मैदान में बनाए गए हेलीपैड से संचालित होने वाली सेवा को जमीन विवाद की वजह से तत्काल प्रभाव से बंद किया गया है.

सेवा बंद होने के बाद जिला प्रशासन की ओर से अब हेलीकॉप्टर सेवा के लिए वैकल्पिक स्थल की तलाश की जा रही है. जानकारी के मुताबिक, हथगढ़ मैदान में जिस जमीन पर हेलीकॉप्टर सेवा के लिए हेलीपैड बनाया गया था, उससे संबंधित जमीन मालिक की ओर से कोर्ट में याचिका दाखिल की गई थी.

जमीन विवाद के बाद हेलीकॉप्टर सेवा बंद (Etv Bharat)

जमीन मालिक ने लगाई कोर्ट में याचिका

याचिका में आरोप लगाया गया था कि उनकी अनुमति के बिना उनकी जमीन पर हेलीकॉप्टर सेवा शुरू कर दी गई. मामले पर कोर्ट ने संज्ञान लेते हुए हेलीकॉप्टर सेवा को दूसरी जगह स्थानांतरित करने का निर्देश दिया है.

इसके बाद जिला प्रशासन की ओर से वैकल्पिक स्थल तलाशने की प्रक्रिया शुरू की गई लेकिन फिलहाल जगह नहीं मिलने के कारण शुक्रवार से सेवा को बंद करनी पड़ी. गुरुवार को उपायुक्त के निर्देश पर कुछ दिव्यांग बच्चों को हेलीकॉप्टर भ्रमण भी कराया गया था. इसके बाद शुक्रवार से हथगढ़ मैदान से हेलीकॉप्टर सेवा पूरी तरह बंद कर दी गई.

हेलीकॉप्टर सेवा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह

दरअसल, हेलीकॉप्टर सेवा की शुरुआत 4 अगस्त से की गई थी और इसे 28 अगस्त तक संचालित किया जाना था. इसके तहत श्रद्धालुओं को शुल्क लेकर हेलीकॉप्टर के माध्यम से देवघर, बासुकीनाथ और आसपास के प्रमुख इलाकों का हवाई भ्रमण कराया जाता था. सेवा शुरू होने के बाद श्रद्धालुओं में भी इसे लेकर काफी उत्साह देखने को मिल रहा था.

हेलीकॉप्टर सेवा बंद होने से कारोबारी भी प्रभावित

हेलीकॉप्टर सेवा बंद होने का असर केवल श्रद्धालुओं पर ही नहीं बल्कि स्थानीय कारोबारियों और लोगों पर भी पड़ा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि हेलीकॉप्टर भ्रमण के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की वजह से हथगढ़ और आसपास के क्षेत्र में स्थानीय दुकानदारों और छोटे कारोबारियों को भी अतिरिक्त आमदनी होती थी. अचानक सेवा बंद होने से उनकी कमाई पर भी असर पड़ा है.

वहीं, पूरे मामले को लेकर संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेने की कोशिश की गई लेकिन अधिकारी इस मामले पर कुछ भी कहने से बचते नजर आए. विमानन विभाग के निदेशक एसपी सिन्हा से संपर्क के बाद फिलहाल हथगढ़ मैदान से सेवा बंद होने की पुष्टि हुई है.

वैकल्पिक स्थान तलाशने की प्रक्रिया शुरू

अब जिला प्रशासन की ओर से दूसरे स्थान की तलाश की जा रही है, ताकि जल्द से जल्द हेलीकॉप्टर सेवा दोबारा शुरू की जा सके और देवघर आने वाले श्रद्धालु हवाई भ्रमण का आनंद उठा सके. मुख्यमंत्री की पहल पर शुरू हुई इस सेवा को दोबारा कब तक शुरू किया जाता है, यह देखने वाली बात होगी.

ये भी पढ़ें- बाबा नगरी को आसमान से निहारने का मौका, देवघर में हेलीकॉप्टर सेवा का शुभारंभ

चार कंपनियों ने रोकी केदारनाथ के लिए हेलीकॉप्टर सेवा, जानिए वजह

बांदीपोरा जिले के सुदूर सीमा क्षेत्र के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू