दिल्ली-जयपुर से मेहंदीपुर बालाजी के लिए हेलीकॉप्टर सेवा, जान लें कितना देना होगा किराया
हेलीकॉप्टर के जरिए पर्यटक आभानेरी की ऐतिहासिक बावड़ी, झाजी रामपुरा और पपलाज माता मंदिर जैसे प्रमुख स्थलों पर आसानी से पहुंच सकेंगे.

Published : December 15, 2025 at 10:47 AM IST
दौसा: जिले के ख्यात आस्थाधाम मेहंदीपुर बालाजी के लिए पर्यटन विभाग की ओर से शुरू हेलीकॉप्टर सेवा अब रफ्तार पकड़ चुकी है. कंपनी ने किराया भी तय कर दिया ताकि देश-प्रदेश के श्रद्धालु कम समय में सीधे बालाजी धाम पहुंच सकें. इससे क्षेत्रीय पर्यटन को नई ऊंचाइयां मिल सकती है.
जिला प्रशासन के अनुसार, इस हेलीकॉप्टर सेवा का संचालन ‘बुक योअर हेलीकॉप्टर’ कंपनी कर रही है. जिला कलेक्टर देवेंद्र यादव ने बताया, आस्थाधाम में शुरू नई पहल श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए हवाई यात्रा को आसान बनाएगी. इससे समय की बचत होगी. सड़क मार्ग से होने वाली परेशानियों से भी निजात मिलेगी. कलेक्टर ने इसे पर्यटन विकास की दिशा में मजबूत कदम बताया.
पढ़ें:Mehandipur Balaji : रोमांच, उत्साह, पुष्प वर्षा...मेहंदीपुर बालाजी में हेलीकॉप्टर सेवा शुरू
इन जगहों के लिए शुरू हवाई सफर: हेलीकॉप्टर सेवा प्रदाता कंपनी के मालिक मनीष सुनारी ने बताया कि श्रद्धालु दिल्ली, जयपुर और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से होते सीधे मेहंदीपुर बालाजी पहुंच सकेंगे. हेलीकॉप्टर के जरिए पर्यटक आभानेरी की ऐतिहासिक बावड़ी, झाजी रामपुरा और पपलाज माता मंदिर जैसे प्रमुख स्थलों पर आसानी से पहुंच सकेंगे. कंपनी ने इन जगहों की किराया सूची जारी की. हेलीकॉप्टर में एक बार में 5 पर्यटक जा सकेंगे.
ये रहेगा हवाई किराया
- बालाजी हेलीपैड से लोकल जॉयराइड: 36,000 (लगभग 30 किमी)
- बालाजी हेलीपैड से पुष्पवर्षा समेत लोकल जॉयराइड: 61,000 (लगभग 30 किमी और पुष्पवर्षा)
- पिनान हेलीपैड से बालाजी हेलीपैड आना-जाना: 1,21,000 (प्रतीक्षा समय 1 घंटा)
- जयपुर से बालाजी हेलीपैड आना-जाना: 4,11,000 (प्रतीक्षा समय 1.5 घंटा)
- दिल्ली से बालाजी हेलीपैड आना-जाना: 5,41,000 (प्रतीक्षा समय 1.5 घंटा)

