ETV Bharat / state

नादौन में मूसलाधार बारिश, पुराने ब्यास पुल पर भरा पानी और मलबा, ठप रही आवाजाही

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला में हुई मुसलाधार बारिश. नादौन में पानी भरने और मलबा आने से यातायात घंटों रही बाधित.

नादौन में मूसलाधार बारिश
नादौन में मूसलाधार बारिश (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : June 29, 2026 at 6:24 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हमीरपुर: सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश ने नादौन क्षेत्र में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया. भारी बारिश के चलते स्थीरपुर और कांगड़ा जिले को जोड़ने वाले पुराने ब्यास पुल पर पानी और मलबा इतना अधिक जमा हो गया कि करीब आधे घंटे तक इस महत्वपूर्ण सड़क मार्ग पर यातायात पूरी तरह से बंद रहा. पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को काफी देर तक परेशानी का सामना करना पड़ा. कई यात्री और स्थानीय लोग जाम में फंसे रहे, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया.

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभाली. पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से धीरे-धीरे जाम खुलवाया, जिसके बाद वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी. हालांकि, बारिश के कारण सड़क पर जमा पानी और मलबे ने लंबे समय तक लोगों की मुश्किलें बढ़ाए रखीं.

भारी बारिश के चलते स्थानीय विश्राम गृह से लेकर ब्यास पुल के मुहाने तक वर्षा का पानी और मलबा बड़ी मात्रा में जमा हो गया. जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर ही भर गया, जिससे कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई.

स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बरसात के मौसम में इस स्थान पर यही स्थिति बन जाती है, लेकिन इसके बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है. स्थानीय निवासियों ने बताया कि उप डाकघर से लेकर ब्यास पुल तक वर्षा के पानी की निकासी के लिए कई वर्ष पहले भूमिगत सीवरेज पाइप डाले गए थे. लेकिन आज तक इस योजना को शुरू नहीं किया गया, जिसके कारण करोड़ों रुपये की लागत से डाली गई पाइप लाइन बेकार साबित हो रही है. लंबे समय तक उपयोग न होने के कारण कई स्थानों पर पाइप भी बंद हो चुके हैं और जल निकासी का उद्देश्य पूरा नहीं कर पा रहे हैं.

लोगों का कहना है कि यदि इस अधूरी सीवरेज योजना को शीघ्र पूरा कर दिया जाए तो बरसात के दौरान होने वाली इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान संभव है. स्थानीय लोगों ने संबंधित विभागों से मांग की है कि वर्षों से अधूरी पड़ी इस योजना को जल्द पूरा किया जाए, ताकि बारिश के समय सड़क पर पानी भरने और बार-बार यातायात बाधित होने की समस्या से लोगों को राहत मिल सके. उनका कहना है कि यह मार्ग नादौन और कांगड़ा जिले को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, इसलिए यहां जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था बेहद जरूरी है.

इस संबंध में नगर परिषद नादौन के कार्यकारी अधिकारी रमन कुमार ने बताया, "इस समस्या के समाधान के लिए जल शक्ति विभाग से आग्रह किया गया है. विभाग से इस कार्य को शीघ्र पूरा करने का अनुरोध किया गया है, ताकि भविष्य में बारिश के दौरान इस तरह की स्थिति उत्पन्न न हो और लोगों को सुरक्षित एवं सुचारू यातायात सुविधा मिल सके".

ये भी पढ़ें: हिमाचल में पर्यटकों की पसंद बनी 'पहाड़ों की रानी', जून में शिमला पहुंच 10 लाख टूरिस्ट व्हीकल