यूपी में ठिठका मानसून, सोनभद्र समेत सिर्फ 4 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, अब कब पकड़ेगा रफ्तार?
मौसम विभाग ने फिर जारी की चेतावनी, फिलहाल दो दिन ज्यादातर जिलों में गर्मी और उमस का करना पड़ेगा सामना.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 4, 2026 at 9:59 AM IST
|Updated : July 4, 2026 at 12:23 PM IST
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 30 जून को दक्षिणी पश्चिमी मानसून ने एंट्री की जिसके बाद से 2 जुलाई तक प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में मानसून पहुंच गया. 30 जून से 2 जुलाई तक प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश हुई. वहीं अब मानसून पर ब्रेक लग गया है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आगामी 2 दिनों तक प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होगी, ज्यादातर इलाकों में मौसम ड्राई रहेगा. वहीं, आज सोनभद्र समेत सिर्फ 4 जिलों में ही भारी बारिश की संभावना है.
वहीं 2 दिनों के बाद फिर से मानसून सक्रिय होगा और घनघोर बारिश होने की संभावना है. शुक्रवार को प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में मौसम ड्राई रहा, कहीं-कहीं हल्की और कहीं मध्यम बारिश हुई. मौसम में नमी होने और तेज धूप निकलने के कारण एक बार फिर से उमस भरी गर्मी में इजाफा हुआ.

43% कम हुई बारिश: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 1 जून से 3 जुलाई तक उत्तर प्रदेश में अनुमान बारिश 112.5 मिमी के सापेक्ष 64.5 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 43% कम है.
भारी बारिश का अलर्ट इन जिलों में अधिक: यूपी के सोनभद्र, महोबा, झांसी, ललितपुर और आस पास के क्षेत्र तेज बारिश हो सकती है.

बादल गरजने-बिजली गिरने की चेतावनी इन जिलों में: बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आस पास के क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया है.
लखनऊ का वेदर: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शनिवार को लखनऊ में कुछ स्थानों पर बादलों की आवाजाही रहेगी. वहीं ज्यादातर स्थानों पर मौसम ड्राई रहेगा. अधिकतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की और अधिक वृद्धि हो सकती है, अधिकतम तापमान 38 न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

फर्रुखाबाद सबसे गर्म जिला: शुक्रवार को उत्तर प्रदेश का फर्रुखाबाद सबसे अधिक गर्म जिला रहा, जहां पर अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस अधिक है. सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर जिले में 23.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम है.
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि प्रदेश में 30 जून को मानसून आगमन के उपरान्त इसके तेज़ी से आगे बढ़ते हुए 2 जुलाई को पूरे प्रदेश को कवर कर लेने के उपरान्त उत्तरी उड़ीसा तट के पास उत्तरी पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दाब क्षेत्र के प्रभाव से आगामी 3 दिनों के दौरान प्रदेश में मानसूनी सक्रियता में कमी के आयेगी.
प्रदेश के दक्षिणी भाग और इससे लगे जिलों में हो रही बारिश के अतिरिक्त प्रदेश के अन्य भागों में मानसूनी गतिविधियां सीमित रहने से तापमान में आंशिक बढ़ोत्तरी होने की सम्भावना है. उसके बाद प्रादेशिक मानसूनी सक्रियता में बढ़ोत्तरी के परिणामस्वरूप बारिश में फिर से बढ़ोत्तरी होने की सम्भावना है.
ये भी पढ़ें- UP में मानसून की झमाझम बारिश, 5 दिन जोरदार बारिश का अलर्ट, कानपुर बना टापू

