ETV Bharat / state

हरियाणा में बारिश से फिर बिगड़े हालात, सोनीपत में जलभराव, गुरुग्राम में Work From Home की एडवाइजरी जारी, स्कूल-कॉलेज में ऑनलाइन क्लास

हरियाणा में बारिश से सोनीपत-गुरुग्राम में जलभराव से जनजीवन बेहाल है. गुरुग्राम में वर्क फ्रॉम होम और ऑनलाइन क्लास को लेकर एडवाइजरी जारी की गई.

Heavy Rain in Haryana Waterlogging
हरियाणा में बारिश से फिर बिगड़े हालात (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : August 25, 2026 at 9:45 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

चंडीगढ़: हरियाणा में मंगलवार सुबह हुई बारिश ने कई शहरों में जनजीवन प्रभावित कर दिया. सोनीपत में करीब दो घंटे लगातार बारिश हुई, जिसके बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई. सांदल खुर्द गांव में डेढ़ से दो फीट तक पानी जमा हो गया. सड़कों और निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा.

गुरुग्राम में वर्क फ्रॉम होम की एडवाइजरी: इधर, गुरुग्राम में सोमवार को हुई तेज बारिश के बाद प्रशासन ने मंगलवार के लिए कंपनियों को वर्क फ्रॉम होम की एडवाइजरी जारी की है. इसके अलावा स्कूल-कॉलेजों में ऑनलाइन क्लास चलाने के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन का उद्देश्य भारी जलभराव और ट्रैफिक जाम के बीच लोगों की आवाजाही को कम करना है.

कई इलाके जलमग्न: गुरुग्राम में सोमवार सुबह करीब 11 बजे शुरू हुई बारिश रात 8 बजे तक जारी रही. इस दौरान राजीव चौक, सुभाष चौक, जेल चौक, इफ्को चौक, हीरो होंडा चौक, एनएच-48, शंकर चौक, खेड़कीदौला टोल और सोहना रोड समेत कई इलाकों में तीन से चार फीट तक पानी भर गया. कई जगह वाहन पानी में फंस गए और कुछ कारों को लोग धक्का देकर सड़क किनारे ले जाते नजर आए.

राजीव चौक पर 9 घंटे जाम: भारी जलभराव के कारण राजीव चौक पर करीब नौ घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही. जाम में स्कूल बसों के साथ एंबुलेंस भी फंसी रहीं. इतना ही नहीं, मध्य प्रदेश से शव लेकर जा रहा एक परिवार भी जाम में फंस गया. इससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई.

मानसून सीजन में अब तक 61 फीसदी बारिश: प्रदेश में मानसून सीजन के दौरान सामान्य बारिश 440 मिमी मानी जाती है. अब तक 270 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य कोटे का करीब 61 फीसदी है. मौसम सीजन खत्म होने में करीब एक महीने का समय बचा है और करीब 39 फीसदी बारिश अभी बाकी है. हालांकि सामान्य से 19 फीसदी तक कम बारिश को भी सामान्य श्रेणी में माना जाता है.

10 जिलों में सामान्य से कम बारिश: प्रदेश के 10 जिलों में 1 जून से 24 अगस्त तक सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है. जींद में सबसे ज्यादा 54 फीसदी कमी रही. कैथल में 46 फीसदी, अंबाला और सिरसा में 48-48 फीसदी तथा पंचकूला में 42 फीसदी कम बारिश हुई. जींद में अब तक 133.9 मिमी और सिरसा में केवल 86 मिमी बारिश दर्ज की गई है.

रोहतक, करनाल और सोनीपत भी पीछे: रोहतक में सामान्य से 38 फीसदी, करनाल में 37 फीसदी, सोनीपत में 28 फीसदी और कुरुक्षेत्र में 13 फीसदी कम बारिश हुई है. वहीं प्रदेश के 19 जिलों में बारिश सामान्य श्रेणी में रही. फतेहाबाद में 206.2 मिमी, हिसार में 196.4 मिमी और भिवानी में 260.2 मिमी बारिश दर्ज की गई.

दक्षिण हरियाणा के कई जिलों में सामान्य बारिश: चरखी दादरी में 325.2 मिमी, झज्जर में 283.1 मिमी, गुरुग्राम में 363.7 मिमी, फरीदाबाद में 380.7 मिमी, पलवल में 340.7 मिमी और नूंह में 362 मिमी बारिश दर्ज हुई. बारिश ने जहां मानसून की कमी को कुछ हद तक पूरा किया है, वहीं गुरुग्राम और सोनीपत में जलभराव ने प्रशासन की तैयारियों पर सवाल भी खड़े किए हैं.

ये भी पढ़ें: एक घंटे की बारिश ने खोली गुरुग्राम की पोल, सड़कें बनीं तालाब, वर्क फ्रॉम होम की एडवायजरी जारी