ETV Bharat / state

हिमाचल में मानसून ने इन जिलों में दी दस्तक, भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी

हिमाचल प्रदेश में मानसून की एंट्री हो चुकी है. मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है.

हिमाचल में मानसून ने दी दस्तक
हिमाचल में मानसून ने दी दस्तक (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : June 30, 2026 at 4:39 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: हिमाचल में आखिरकार कुछ जिलों में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दे दी है. जिसको देखते हुए अगले कुछ दिनों में भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली गरजने का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार से पांच दिनों तक भारी बारिश का ऐसा सिलसिला शुरू होने वाला है, जो सामान्य जनजीवन को प्रभावित कर सकता है. इससे कहीं पर भूस्खलन का खतरा तो कहीं नदियों-नालों के उफान पर आने की आशंका जताई गई है. प्रशासन भी अलर्ट मोड में है और लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की जा रही है.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के शिमला केंद्र के अनुसार मंगलवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून प्रदेश के कई हिस्सों में प्रवेश कर चुका है. इसके साथ ही प्रदेश के अधिकांश इलाकों में 1 जुलाई से 4 जुलाई तक व्यापक वर्षा होने की संभावना है. मौसम विभाग ने साफ किया है कि 2 और 3 जुलाई को बारिश सबसे अधिक तीव्र रहने की आशंका है. कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किए गए हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

मानसून ने इन जिलों में दी दस्तक

दक्षिणी पश्चिमी मानसून ने किन्नौर, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, शिमला, मंडी, सिरमौर और कांगड़ा के कुछ हिस्सों तक अपनी पहुंच बना ली है. ऐसे में अगले दो से तीन दिनों में मानसून के पूरे हिमाचल को कवर करने की परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं. मौसम विभाग का अनुमान है कि 1 से 4 जुलाई के बीच प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की जा सकती है. सबसे अधिक बारिश की संभावना 2 और 3 जुलाई को जताई गई है.

ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने 2 जुलाई को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा जिलों में और 3 जुलाई को ऊना, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. 4 जुलाई को कांगड़ा, मंडी और शिमला जिलों के लिए भी यही चेतावनी जारी की गई है.

येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने 1 जुलाई को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और मंडी, 2 जुलाई को चंबा, मंडी और सिरमौर, 3 जुलाई को बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और सोलन तथा 4 जुलाई को ऊना, हमीरपुर और कुल्लू जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. इसके अलावा 30 जून से 4 जुलाई तक ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है. कुल्लू जिले में यह स्थिति 1 से 4 जुलाई के बीच बनी रह सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सतर्क रहने और मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है.

ये भी पढ़ें: हिमाचल के इस गांव पर फिर मंडराया भू-धंसाव का खतरा, 8 साल पहले यहां हुआ था भीषण लैंडस्लाइड