शिमला में 24 घंटे में 60 मिमी बारिश, 3 सितंबर तक भारी बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की आशंका जताई है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : August 31, 2026 at 2:52 PM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश में मानसून अभी सक्रिय रहेगा. मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 3 सितंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान कई हिस्सों में भारी बारिश की आशंका जताई गई. बीते दिन शिमला में भी बारिश हुई है.
शिमला में 24 घंटे में 60 मिमी बारिश
मौसम वैज्ञानिक संदीप शर्मा ने बताया, "पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हुई. कांगड़ा, मंडी और बिलासपुर जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश रिकॉर्ड की गई. कांगड़ा के मडगांव और बिलासपुर के नगर में करीब 70 मिलीमीटर, जबकि शिमला में लगभग 60 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई".
3 सितंबर को भारी बारिश का अलर्ट
संदीप शर्मा ने बताया, 31 अगस्त से 3 सितंबर तक अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है. 1 सितंबर को चंबा, कांगड़ा, मंडी, ऊना, बिलासपुर और शिमला में भारी बारिश की संभावना है. 2 सितंबर को कांगड़ा, सोलन, शिमला और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश का येलो अलर्ट है. 3 सितंबर को भी कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है. 4 सितंबर को मध्यवर्ती क्षेत्रों में बारिश की संभावना है, जबकि 5 सितंबर से बारिश की गतिविधियों में कमी आने की उम्मीद है.
मौसम विभाग की लोगों से अपील
लगातार बारिश के बीच मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. बारिश से प्रमुख नदी-नालों और जलस्रोतों का जलस्तर बढ़ सकता है. ऐसे में लोगों को इनके आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है. शिमला सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कम बादलों के कारण दृश्यता प्रभावित हो सकती है. वाहन चालकों से मौसम और सड़क की स्थिति को ध्यान में रखकर यात्रा करने और सरकार की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है.
हिमाचल में सामान्य से 10 फीसदी कम बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 1 जून से 30 अगस्त तक हिमाचल में कुल बारिश सामान्य से करीब 10 प्रतिशत कम रही है. हालांकि, कुछ जिलों में सामान्य से काफी कम, जबकि कुछ में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है. प्रदेश के सबसे अधिक बारिश वाले जिलों में से एक में सामान्य से करीब 14 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है. विभाग आगामी दिनों में मानसून की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहा है.
ये भी पढ़ें: सावधान! हिमाचल में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी, इन जिलों में येलो अलर्ट जारी

