यूपी RAIN ALERT: इन 11 जिलों में इस बार खूब मेहरबान है मानसून, आज भी कई जिलों में गरज-चमक संग भारी बारिश की संभावना
बीते 24 घंटों में सबसे ज्यादा बारिश संभल में और सबसे कम बारिश इटावा में दर्ज.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 27, 2026 at 9:59 AM IST
|Updated : August 27, 2026 at 11:33 AM IST
लखनऊ/आगरा: यूपी में मानसून पूरी तरह से मेहरबान है. मौसम विभाग की मानें तो 24 घंटों में 11 जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना है. वहीं, कुछ जिलों में हल्की और कुछ में मध्यम बारिश हो सकती है. वही, बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश संभल में और सबसे कम बारिश इटावा में दर्ज की गई है. मौसम विभाग की मानें तो इस साल यूपी में बारिश अब सामान्य की श्रेणी में आ चुकी है. अब मात्र 11% बारिश ही सामान्य से कम है.
इन 11 जिलों में खूब बरसे बदरा: इस बार मानसून 11 जिलों में ज्यादा मेहरबान रहा जहां पर सामान्य से अधिक बारिश हुई इन जिलों में चित्रकूट में 44% अधिक, कन्नौज में 22%, कानपुर नगर में 24%, प्रयागराज में 32, बिजनौर में 26 प्रतिशत, एटा में 42, इटावा में 21, फिरोजाबाद में 28, हमीरपुर में 45, महोबा में 31, मेरठ में 74, मुजफ्फरनगर में 83, संभल में 84% अधिक बारिश रिकार्ड की गई।


आज इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश के ललितपुर, झांसी, हमीरपुर, महोबा, बांदा, फतेहपुर, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, रायबरेली, अमेठी, प्रतापगढ़, संत रविदास नगर, मिर्जापुर, सोनभद्र, वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, मऊ, आजमगढ़, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, बस्ती, संत कबीर नगर, गोरखपुर, बलिया मे भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा अन्य जिलों में भी हल्की से माध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है.
लखनऊ के मौसम पर एक नजर: राजधानी लखनऊ में बुधवार सुबह से ही बादल छाए रहे. रुक-रुक कर बारिश होती रही. दिनभर बादल छाए रहने तथा बारिश होने के कारण अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम है. वहीं न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम है. लगातार हो रही बारिश के कारण लखनऊ के कई इलाकों में जल भराव हो गया.
मेरठ सबसे गर्म: बुधवार को उत्तर प्रदेश का मेरठ सबसे अधिक गर्म जिला रहा जहां पर अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान बाराबंकी जिले में 23 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस कम है.
आगरा में आज भारी बारिश का अलर्ट
ताजनगरी में गुरुवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी है. मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दक्षिणी उत्तर प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण प्रदेश के कई जिलों में भारी या बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है. दक्षिणी यूपी और उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव वाले क्षेत्र के प्रभाव से अधिक बारिश हो सकती है. जिसमें आगरा, अलीगढ़, औरैया, बदायूं, एटा, फिरोजाबाद, हमीरपुर, झांसी, कासगंज, मैनपुरी, मथुरा और शाहजहांपुर शामिल हैं. यहां पर भारी बारिश और आंधी-तूफान चलेगा. वज्रपात का भी खतरा बताया गया है.
मौसम वैज्ञानिक क्या बोले: मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि प्रदेश में मानसूनी भारी वर्षा का दौर जारी है. आगामी 24 घण्टों के बाद मौसम में बदलाव आने की संभावना है. इसके बाद तापमान में बढ़ोत्तरी हो सकती है.

