ETV Bharat / state

चौमूं में विवाद के बाद इंटरनेट सेवा बंद, पत्थरबाजी के बाद पुलिस ने किया फ्लैग मार्च

जयपुर जिले के चौमूं में तड़के उपजा विवाद, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है.

पुलिस जाब्ता तैनात
पुलिस जाब्ता तैनात (फोटो ईटीवी भारत जयपुर)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : December 26, 2025 at 9:35 AM IST

|

Updated : December 26, 2025 at 1:18 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर : जिले के चौमूं कस्बे में आज शुक्रवार तड़के उपजे विवाद के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया. तनाव इतना बढ़ गया कि एक समुदाय विशेष के लोगों द्वारा की गई पत्थरबाजी में कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए. इसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े. फिलहाल, पुलिस के आला अधिकारी मौके पर तैनात हैं. जहां हालात काबू में बताए जा रहे हैं. इधर, चौमूं में आज सुबह से 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवा पर भी पाबंदी लगा दी गई है. जयपुर (पश्चिम) डीसीपी हनुमान प्रसाद मीणा, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (कानून-व्यवस्था) डॉ. राजीव पचार और स्पेशल कमिश्नर (ऑपेरशन) राहुल प्रकाश मौके पर मौजूद हैं. पूरा कस्बा छावनी में तब्दील हो गया है. जहां बड़ी संख्या में पुलिस के जवान तैनात हैं.

कस्बा बना छावनी, हालात काबू में : जयपुर के अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (कानून-व्यवस्था) डॉ. राजीव पचार के अनुसार, चौमू बस स्टैंड के पास एक धार्मिक स्थान के पास से पत्थर हटाने को लेकर विवाद हो गया. इसके बाद एक समुदाय विशेष के लोगों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी. मामले की जानकारी मिलने के बाद चौमूं, हरमाड़ा, विश्वकर्मा, दौलतपुरा और मुरलीपुरा सहित अन्य पुलिस थानों से अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया है. स्पेशल टास्क फोर्स और दंगा नियंत्रक बल की भी तैनाती की गई है. प्रारंभिक तौर पर पथराव की घटना में आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.

पुलिस पर पथराव, इंटरनेट बंद (वीडियो ईटीवी भारत जयपुर)

जयपुर (पश्चिम) डीसीपी हनुमान प्रसाद मीणा ने बताया कि मामला अतिक्रमण से जुड़ा हुआ है. समुदाय विशेष के लोगों से बातचीत के बाद ही अतिक्रमण हटाया जा रहा था, लेकिन देर रात पत्थरबाज़ी शुरू हो गई. जिसके बाद तक़रीबन 75 पत्थरबाजों को हिरासत में लिया गया है जिसमें महिलाएं भी शामिल है. फिलहाल कस्बे में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और पुलिस का भारी जाप्ता मौजूद है.

इसे भी पढ़ें: श्री सांवलियाजी में हंगामा: सिक्योरिटी गार्ड और भक्तों के बीच मारपीट, दो गिरफ्तार

फिलहाल, पूरे कस्बे में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. इसके बाद हालात नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था कायम है. इधर, हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने चौमूं में इंटरनेट सेवा पर प्रतिबंध लगा दिया है. वहां आज सुबह 7 बजे से शनिवार सुबह तक के लिए इंटरनेट सेवा पर पाबंदी लगाई गई है.

Last Updated : December 26, 2025 at 1:18 PM IST