यूपी में सुबह-शाम कोहरे की चादर, अगले 4-5 दिनों तक और लुढ़केगा पारा, सताएगी ठंड
कानपुर सबसे ठंडा जिला, न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरा, बाराबंकी का भी यही हाल.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 6, 2026 at 8:29 AM IST
|Updated : January 6, 2026 at 8:56 AM IST
लखनऊ : इस समय उत्तर प्रदेश में हाड़ कंपाऊ ठंड पड़ रही है. कड़ाके की सर्दी में कोहरा भी खूब है. 10 मीटर की दूरी पर खड़ा व्यक्ति भी दिखाई नहीं दे रहा है. विजिबिलिटी शून्य हो चुकी है. मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक आने वाले 4 से 5 दिनों तक ऐसी ही स्थिति रहेगी. धुंध के साथ सुबह की शुरुआत होगी. कोहरे की चादर सुबह और शाम छाई रहेगी. अनुमान है कि आगामी कुछ दिनों में पारा और लुढ़क सकता है.
लखनऊ में मंगलवार को अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. रात में यह तापमान घटकर 11.9 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. वहीं, सुबह के समय 6 डिग्री सेल्सियस पारा दर्ज हुआ. जिला प्रशासन एवं नगर निगम की ओर से रैन बसेरे की व्यवस्था की गई है. साथ ही यहां अलाव जलाने के लिए भी इंतजाम किया गया है.

कानपुर सबसे ठंडा जिला: मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश का सबसे ठंडा जिला कानपुर रहा, जहां न्यूनतम पारा 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. बाराबंकी भी सबसे ठंडे जिलों में शामिल है, जहां न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. इसके अलावा हरदोई में न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री से. और इटावा में भी 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सहारनपुर का तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड है.
अभी जारी रहेगी तापमान में गिरावट: मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह के मुताबिक आने वाले चार-पांच दिनों में तापमान में गिरावट दर्ज होगी. जिसकी वजह से विजिबिलिटी न के बराबर होगी. साथ ही गलन की स्थिति रहेगी. दोपहर के समय भी गलन रहेगी. वहीं, सुबह और शाम घना कोहरा छाएगा.

आज नहीं खिलेंगी धूप: उन्होंने कहा कि तापमान में गिरावट के कारण इस समय देखा जा रहा है कि एक दिन धूप हो रही है और दूसरे दिन नहीं. मंगलवार को तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है, जिसकी वजह से अधिकतर इलाकों में दिन में धूप नहीं निकलेगी.
कोहरे में छिपा ताजमहल: ताजनगरी में दोपहर सबसे ज्यादा सर्द रही. आगरा में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.8 डिग्री गिरकर 13.3 डिग्री सेल्सियस पर टिक गया. जो प्रदेश में दिन का सबसे कम तापमान दर्ज था. इसके साथ ही ताजनगरी की सुबह कोहरे से घिरी रही. दोपहर तक सूरज आसमान में नहीं दिखा तो गलन बढ़ती गई. मंगलवार सुबह कोहरे में ताजमहल गायब हो गया.

आगरा में सोमवार को दिन के तापमान की बात करें तो यह इस सीजन में अब तक सबसे कम है. न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री से. कम होकर 6.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इससे रात भी कंपकंपाने वाली रही.
बनारस में 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बही हवा: पहाड़ों में लगातार हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में दिखने लगा है. लगातार तेज हवाओं की वजह से अब दिन और रात दोनों सर्द हो रहे हैं. वाराणसी में सोमवार को जबरदस्त ठंड और गलन ने लोगों को परेशान करके रखा. दोपहर में कुछ देर के लिए धूप निकली, लेकिन वह बेअसर साबित हुई. मौसम विभाग ने पहले से ही दो दिन पारा गिरने और कोहरे का अलर्ट जारी किया था. सर्द हवाओं ने सोमवार को जबर्दस्त ठंड वाला दिन बना दिया. दोपहर के वक्त भी चल रही तेज हवा तीर की तरह चुभती रही. सोमवार को अधिकतम तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत तापमान से 5 डिग्री सेल्सियस कम था. शाम होने के साथ न्यूनतम तापमान भी रोज के मुकाबले कम हुआ. यह औसत से 2.4 डिग्री नीचे गिरकर 6.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया.
इस बारे में मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव कहते हैं कि 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है, जो ठंड को बढ़ा रही है. यह स्थिति अभी कम से कम तीन दिनों तक बनी रहेगी, क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ का बड़ा असर देखने को मिल रहा है.
मेरठ में 8 वीं तक के स्कूलों में आज और कल अवकाश: मेरठ में सर्दी का सितम जारी है और ठंड-गलन के साथ साथ शीतलहर भी चल रही है. सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्यौगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर यूपी शाही ने बताया कि अभी सर्दी का प्रकोप जारी रहेगा. सुबह के समय हल्का कोहरा छाया हुआ है, वहीं तापमान भी न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस तक है.
बीते दिन यानी सोमवार को दिन के तापमान में हल्की बढ़ोत्तरी जरूर देखने को मिली, लेकिन गलन कम नहीं हुई. बीते दिन का अधिकतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस तक रहा, वहीं न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. दूसरी ओर प्रदूषण के स्तर में भी कमी आई है. मेरठ में एयर क्वालिटी इंडेक्स एक्यूआई (वायु गुणवत्ता सूचकांक) 251 तक आ गया, हालांकि ये भी अच्छी स्थिति नहीं है.

