हरियाणा में गर्मी का कहर जारी, 17 जिलों में सीवियर हीटवेव अलर्ट, 29 मई से बदलेगा मौसम
हरियाणा में भीषण गर्मी और सीवियर हीटवेव से लोग परेशान है. वहीं, मौसम विभाग ने 29 मई से बारिश, आंधी की संभावना जताई है.

Published : May 26, 2026 at 9:41 AM IST
चंडीगढ़: हरियाणा में भीषण गर्मी लगातार लोगों की परेशानी बढ़ा रही है. मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 29 मई तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है. इस दौरान दक्षिण-पश्चिमी गर्म हवाएं चलेंगी, जिससे दिन और रात के तापमान में और बढ़ोतरी होगी. कई जिलों में हीटवेव के साथ सीवियर हीटवेव की स्थिति बनने की चेतावनी जारी की गई है.
सिरसा बना सबसे गर्म जिला: हरियाणा का औसत अधिकतम तापमान सोमवार को सामान्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया. प्रदेश में सबसे अधिक तापमान सिरसा में 46.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. इसके अलावा रोहतक में 45.2 डिग्री, नारनौल में 44.2 डिग्री, भिवानी में 44 डिग्री और हिसार में 43.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दो दिनों में तापमान और बढ़ सकता है.
17 जिलों में जारी हुआ अलर्ट: मौसम विभाग ने महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, मेवात, पलवल, रोहतक, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, पानीपत, जींद और कैथल जिलों में सीवियर हीटवेव का अलर्ट जारी किया है. वहीं अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, यमुनानगर और चंडीगढ़ में हीटवेव चलने की संभावना जताई गई है. प्रशासन ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है.
WEATHER WARNING AND RAINFALL MAP #PUNJAB #HARYANA DATED 25-05-26 pic.twitter.com/sI8yHpWe8L
— IMD Chandigarh (@IMD_Chandigarh) May 25, 2026
29 मई से बदलेगा मौसम का मिजाज: मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 28 मई से कुछ इलाकों में आंधी, गरज-चमक और ओलावृष्टि की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं. वहीं 29 मई की रात से पश्चिमी विक्षोभ और राजस्थान के ऊपर बनने वाले साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाने, धूलभरी हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
तापमान में 8 डिग्री तक गिरावट संभव: मौसम विभाग का अनुमान है कि 29 और 30 मई को कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है. बारिश और बादलवाही के कारण अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है. इससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिल सकती है.
ये भी पढ़ें:हरियाणा में गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड, सिरसा में 46 डिग्री तापमान, कई जिलों में सीवियर हीटवेव अलर्ट

