विधानसभा में प्रश्नकाल गरमाया: नोहर बाईपास, पुलिस भर्ती और स्वास्थ्य केंद्र पर तीखी बहस, चिकित्सा के सवाल पर वॉकआउट
प्रश्नकाल में विपक्ष ने स्वास्थ्य केंद्र और पुलिस भर्ती पर सवाल उठाए, मंत्री ने जवाब दिए, कई मुद्दों पर सत्ता और विपक्ष में नोकझोंक हुई.

Published : February 19, 2026 at 1:54 PM IST
जयपुर: विधानसभा के प्रश्नकाल के दौरान विभिन्न मुद्दों पर सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली. नोहर में प्रस्तावित बाईपास सड़कों के एलाइनमेंट को लेकर उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के बीच बहस हुई. वहीं, आमेर विधानसभा क्षेत्र के चिकित्सालयों में उपलब्ध सुविधाओं पर चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर और नेता प्रतिपक्ष के बीच नोकझोंक हुई. जवाब से संतुष्ट नहीं होने पर विपक्ष ने सदन की कार्यवाही का वॉकआउट किया.
विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान नोहर क्षेत्र में प्रस्तावित बाईपास सड़कों के निर्माण और एलाइनमेंट बदलाव को लेकर जोरदार बहस हुई. नोहर विधायक अमित चाचाण ने सुजानगढ़ विधायक मनोज कुमार की ओर से लिखित प्रश्न उठाते हुए पूछा कि प्रस्तावित चौराहे को टी-पॉइंट में किन राजनीतिक दबावों के कारण बदला गया. उन्होंने यह भी जानना चाहा कि 15 किलोमीटर सड़क में केवल दो काश्तकारों की आपत्ति के बावजूद जिन किसानों की जमीन पीडब्ल्यूडी के नाम दर्ज हुई, उन्हें मुआवजा दिया जाएगा या जमीन वापस की जाएगी. इस पर उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने जवाब दिया कि नोहर क्षेत्र की दो सड़कों को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी हो चुकी है और शिलान्यास भी किया जा चुका है. एलाइनमेंट को लेकर विरोध मिलने पर 15 दिसंबर 2023 को सवा रोड से सरदारशहर रोड तक निर्माण कार्य रोका गया था. दोनों बाईपास की जांच के लिए कमेटी गठित की गई, जिसने 31 जुलाई 2024 को जांच की. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी दबाव में चौराहे को टी में नहीं बदला गया और नया एलाइनमेंट रोड सेफ्टी रिपोर्ट के आधार पर तय किया गया है. लागत बढ़ने से भी उन्होंने इनकार किया.
पढ़ें: विधायक को अपने सवाल का जवाब सुनने के लिए सदन में मौजूद रहना होगा- स्पीकर देवनानी
CHC पर मंत्री खींवसर का गर्ग पर तंज: प्रश्नकाल में बहनेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के भवन निर्माण को लेकर सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी बहस हुई. RLD विधायक एवं पूर्व मंत्री सुभाष गर्ग ने आरोप लगाया कि कलेक्टर की हठधर्मिता के कारण भरतपुर के बहनेरा CHC का निर्माण शुरू नहीं हो पा रहा है. उन्होंने कहा कि यदि मौजूदा भवन की छत गिरती है तो जिम्मेदारी तय होनी चाहिए. जवाब में चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने कहा कि वर्ष 2022-23 में कांग्रेस सरकार ने राजनीतिक दबाव में यह घोषणा की थी, जबकि वहां CHC के मानक पूरे नहीं होते. उन्होंने बताया कि प्रस्तावित स्थल मेडिकल कॉलेज से करीब 7 किमी दूर है, OPD में लगभग 50 मरीज प्रतिदिन आते थे और 2518 वर्गमीटर भूमि भी पर्याप्त नहीं है. मंत्री ने तंज कसते हुए कहा, 'किसी ज्योतिषी ने गर्ग साहब को कहा है कि वहीं बने? आपको फल खाने से मतलब है या पेड़ गिनने से?' उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों के अनुरूप स्थान पर ही CHC बनेगा, जरूरत पड़ी तो बची भूमि पर वर्टिकल भवन निर्माण पर विचार किया जाएगा.
आमेर अस्पताल मुद्दे पर हंगामा, कांग्रेस का वॉकआउट: विधानसभा के प्रश्नकाल के दौरान आमेर विधानसभा क्षेत्र के चिकित्सालयों में उपलब्ध सुविधाओं को लेकर सवाल उठने पर सदन में हंगामा हो गया. विधायक प्रशांत शर्मा के प्रश्न पर चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह ने आमेर के सैटेलाइट अस्पताल और अन्य पीएचसी की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि एक्स-रे और सोनोग्राफी मशीनों के संबंध में जांच करवाई जाएगी. साथ ही बताया कि वर्तमान सैटेलाइट अस्पताल एक हेरिटेज भवन में संचालित है और नई जमीन मिलने पर इसे स्थानांतरित किया जाएगा. इस पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि मंत्री प्रश्न को लेकर भ्रमित हैं. सवाल आमेर नहीं बल्कि अचरोल में स्वीकृत सैटेलाइट अस्पताल को शिफ्ट किए जाने को लेकर था. आरोप लगाया गया कि मंत्री ने मूल प्रश्न का स्पष्ट उत्तर नहीं दिया. जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस विधायकों ने सदन में नारेबाजी की और वॉकआउट कर दिया.
राशन दुकान और पशु बीमा योजना पर सवाल: प्रश्नकाल में चित्तौड़गढ़ में नई राशन दुकान आवंटन और सवाई माधोपुर में मुख्यमंत्री मंगल पशु बीमा योजना के लंबित दावों का मुद्दा उठा. चित्तौड़गढ़ से विधायक चंद्रभान सिंह ने क्षेत्र में नई राशन दुकान खोलने की आवश्यकता पर सवाल किया. इस पर खाद्य मंत्री सुमित गोदारा ने जवाब देते हुए कहा कि कलेक्टर को जरूरत के अनुसार नई राशन दुकान आवंटित करने की शिथिलता दी गई है. कोई जनप्रतिनिधि आवश्यकता बताता है तो सरकार नई दुकान खुलवाने की व्यवस्था करेगी.
सवाई माधोपुर जिले में मुख्यमंत्री मंगल पशु बीमा योजना के तहत लंबित दावों को लेकर विधायक इंदिरा मीणा ने प्रश्न उठाया. मंत्री जोराराम कुमावत ने बताया कि मृत पशुओं के प्रकरणों में 14 लाख 58 हजार रुपए की राशि जारी की गई है. प्रश्नकाल में विधायक श्रीचंद कृपलानी ने निंबाहेड़ा को टूरिस्ट सर्किट में शामिल करने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी का आभार जताया. आसींद विधायक जबर सिंह सांखला ने थानों में नफरी की कमी का मुद्दा उठाया.
विधान सभा में राठौड़ का कांग्रेस पर हमला : विधानसभा में अनुदान मांगों पर जवाब देते हुए युवा, खेल एवं उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. राठौड़ ने कहा कि विपक्ष कहता है कि सरकार जनता की ट्रस्ट होती है. कांग्रेस की बात पर उन्हें बता दूं कि जब कांग्रेस सरकार में थी तो वो ट्रस्टी थे. ट्रस्टी ने ही ट्रस्ट को तोड़ दिया. अपने शासन में कांग्रेस ने जनता के साथ कुठाराघात किया, इसलिए जनता ने उन्हें विपक्ष में बैठा दिया.

