दिल्ली-एनसीआर में गर्मी ने दिखाई तेवर, पारा 30 के पार, जाने कैसा रहेगा मौसम का हाल
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मंगलवार को दिन भर आसमान साफ रहेगा. तेज धूप निकलेगी. सतही हवाएं भी चलेंगी.

Published : March 3, 2026 at 7:43 AM IST
नई दिल्ली: दिल्ली एनसीआर में गर्मी की शुरुआत हो चुकी है. 2 मार्च को भी तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया है. दिल्ली एनसीआर में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और दिन के समय चिलचिलाती धूप लोगों को परेशान कर रही है. घरों में पंखे और एयर कंडीशनर चलने लगे हैं, जिससे साफ है कि गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है.
तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और फिलहाल इसमें राहत के कोई संकेत नहीं हैं. सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक 30.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक 15.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. हवा में नमी का स्तर 88 से 32 प्रतिशत रहा.
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मंगलवार को दिन भर आसमान साफ रहेगा. तेज धूप निकलेगी. 15 से 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं भी चलेंगी. अधिकतम तापमान 31 व न्यूनतम तापमान 15 डिग्री रह सकता है. जबकि होली के दिन 4 मार्च को 32 से 34 डिग्री टेंपरेंचर पहुंच जाएगा. 5 मार्च को तो तापमान 35 डिग्री तक पहुंच जाएगा और तेज गर्मी का अहसास दिल्ली एनसीआर में होगा. 7-8 मार्च को भी मैक्सिमम टेंपरेचर 33 से 35 डिग्री रहेगा. होली के दौरान न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री तक रहेगा.
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सीपीसीबी के अनुसार राजधानी दिल्ली में मंगलवार सुबह 7:00 बजे तक औसतन वायु गुणवत्ता सूचकांक 217 अंक बना हुआ है जबकि दिल्ली एनसीआर के शहर फरीदाबाद में 205 गुरुग्राम में 208 गाजियाबाद में 212 ग्रेटर नोएडा में 207 और नोएडा में 202 अंक बना हुआ है. दिल्ली के अधिकांश इलाकों में AQI लेवल 200 से ऊपर और 300 के बीच बना हुआ है. जबकि कुछ इलाकों में AQI लेवल 100 से ऊपर और 200 के बीच बना हुआ है.
ये भी पढ़ें:

