बहराइच में कब्रिस्तान पर कब्जे के विवाद में कोर्ट में होनी थी पेशी, रात में अज्ञात हमलावरों ने वादी को मारी गोली
कैसरगंज थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 26, 2026 at 1:26 PM IST
बहराइच: तरावीह की नमाज पढ़कर लौटते समय अज्ञात हमलावरों ने कब्रिस्तान विवाद के मुख्य वादी को गोली मार दी. इसके साथ ही धारदार हथियार से भी हमला कर दिया. इससे मौके पर अफरा तफरी का माहौल हो गया. गंभीर हालत में घायल को कैसरगंज सीएचसी ले जाया गया जहां से डॉक्टर ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया.
जानकारी के मुताबिक कैसरगंज थाना क्षेत्र के वैराकाजी ग्राम के रहने वाले मोहम्मद समाल गांव के ही कब्रिस्तान पर हुए अवैध कब्जे के मामले में मुख्यवादी है. इस मामले में समाजवादी पार्टी के नेता पर अवैध कब्जे का आरोप है. इस मामले में आज 26 फरवरी को हाई कोर्ट में गवाही होनी थी. समाल गांव में देर रात तरावीह की नमाज पढ़ कर घर की ओर जा रहे थे तभी हमलावरों ने उन पर फायरिंग करते हुए धारदार हथियार से हमला कर दिया.
अब्दुल वाहिद ने बताया कि गांव के ही दबंगों द्वारा जमीन पर कब्जा कर रखा गया है. इस पर मुकदमा भी हाई कोर्ट में चल रहा है. मुख्य वादी मोहम्मद समाल है. उनकी पेशी के साथ गवाही भी होनी थी. उनका आरोप है कि सफीउल्ला और उनके परिवार के लोगों द्वारा गोली और धारदार हथियार से हमला किया गया है. मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को देते हुए घायल समाल को सीएचसी कैसरगंज ले गए. डॉक्टरों ने उनकी हालत गभीर देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया.
इस बारे में एसपी सिटी अशोक सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी होते ही मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया है. कुछ लोगों के नाम सामने आए हैं. परिजनों की ओर से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है, जो भी दोषी होगा सख्त कार्रवाई की जाएगी. थानाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने बताया कि कुछ लोगो को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. फायरिंग करने की भी बात सामने आई है. इसकी जांच पड़ताल की जा रही है.
ये भी पढे़ंः बनारस के 7 बूढ़े पेड़ जो 100 साल से ज्यादा पुराने, काशी विश्वनाथ मंदिर के पीपल का क्यों हो रहा खास ट्रीटमेंट? जानिए

