हल्द्वानी बनभूलपुरा अतिक्रमण मामला, कल होगी सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, पुलिस-प्रशासन अलर्ट
कल बनभूलपुरा के लोगों के लिए बड़ा दिना है. क्योंकि कल सुप्रीम कोर्ट इस मामले पर कोई बड़ा फैसला सुना सकता है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 23, 2026 at 8:02 PM IST
हल्द्वानी: उत्तराखंड के एक बड़े मामले पर कल मंगलवार 24 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई है. इस सुनवाई में हजारों परिवारों के भविष्य पर फैसला होना है. जिस मामले की हम बात कर रहे है, वो हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में रेलवे की भूमि पर अतिक्रमण से जुड़ा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय शासन-प्रशासन अभी से अलर्ट हो गया. क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं.
हल्द्वानी के रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में कल सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई प्रस्तावित है, जिसको लेकर प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है. दरअसल, रेलवे विभाग ने बनभूलपुरा क्षेत्र की लगभग 30 हेक्टेयर भूमि को अपनी संपत्ति बताते हुए वहां अतिक्रमण होने का दावा किया है. इस भूमि पर बसे भवनों को हटाने को लेकर मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है.
बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में लगभग 4365 भवन बने हुए हैं और यहां 40 हजार से अधिक की आबादी निवास करती है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है. हल्द्वानी में पहले से मौजूद पुलिस फोर्स के अलावा बाहरी जनपदों से भी सुरक्षा बल बुलाए मंगाया गया है. IRB और PAC की टुकड़ियां भी शहर पहुंच चुकी हैं.
बनभूलपुरा क्षेत्र और आसपास के इलाकों में लगातार गश्त की जा रही है. ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अफवाह या भीड़ जुटने की स्थिति को तुरंत नियंत्रित किया जा सके. इसके अलावा खुफिया तंत्र भी सक्रिय किया गया है और सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है. भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी.

सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है.
उन्होंने कहा कि अराजक तत्वों पर भी पुलिस प्रशासन नजर बनाए हुए है, किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है. वहीं एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि पुलिस पूरी तरह तैयार है. सभी जगह पूर्व भी भाती पुलिस फोर्स को तैनात कर दिया गया है. सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम है. सोशल मीडिया सहित अराजकतत्वों पर पुलिस टीम की पैनी नज़र बनी हुई है. माहौल खराब करने वाले लोगों से सख्ती से निपटा जाएगा.
पढ़ें---

