बिहार में स्वास्थ्य कर्मी की चाकू से गोदकर की गई हत्या, परिजनों ने किया NH जाम
नालंदा में स्वास्थ्य कर्मी सोनू कुमार की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई. परिजनों ने NH-20 जाम कर दिया. पुलिस जांच में जुटी

Published : July 4, 2026 at 1:58 PM IST
नालंदा: बिहार के नालंदा स्थित हरनौत से सनसनीखेज खबर सामने आई है. यहां एक स्वास्थ्य कर्मी की घर से बुलाकर चाकू गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई है. वारदात से नाराज परिजनों ने सड़क जामकर हंगामा किया.
चाकू गोदकर हत्या: बिहार में अपराध थमने का नाम ही नहीं ले रहा है. लगातार हो रही हत्याओं ने सूबे की क़ानून व्यवस्था के साथ पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं. नालंदा के हरनौत थाना क्षेत्र स्थित मूढाढ़ी गांव में अज्ञात हमलावरों द्वारा एक युवक की चाकू गोदकर निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई है. मृतक की पहचान चेरण गांव निवासी 37 वर्षीय सोनू कुमार के तौर पर हुई है.
NH-20 के मुख्य मार्ग जाम: वहीं घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने रजौली-बख्तियारपुर NH-20 के मुख्य मार्ग को जामकर जोरदार हंगामा किया. घटना के संबंध में मृतक के परिजनों ने बताया कि सोनू कुमार पैथोलॉजी स्टाफ़ है. शुक्रवार रात देर लगभग सवा 10 बजे सोनू के मोबाइल पर एक कॉल आया और उसे शिवाजी मोहल्ले में बुलाया गया.
घर की महिला को किया गया फोन: परिजनों के मुताबिक उसके कुछ ही देर बाद किसी ने घर की महिला को फोन कर बताया कि सोनू कुमार खून से लथपथ सड़क किनारे गिरा है. उसका एक्सीडेंट हो गया है और उसके कुछ ही देर बाद पुलिस का भी फ़ोन आया. जिसके बाद घर के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे.
पटना PMCH रेफर: मृतक की बहन ने बताया कि वहां पहुंचकर हालात देखकर अचंभित हो गए, ऐसा लगा कि किसी ने धारदार हथियार से कई बार वार कर भाई को जख्मी कर दिया है. आनन फानन में हमने उसे इलाज के लिए कल्याण बिगहा रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां से नाज़ुक हालात में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर पटना PMCH रेफर कर दिया गया.
इलाज के दौरान मौत: परिजनों ने बताया कि पीएमसीएच ले जाने पर वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतक 4 भाई बहनों में सबसे छोटा था. परिजनों ने दो घंटे तक सड़क जामकर हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए जाम किया. वहीं पुलिस के काफी मान मनौव्वल के बाद जाम हटा.पुलिस ने पीड़ित परिवार को इंसाफ़ दिलाने का भरोसा दिलाया

अपराधियों की गिरफ्तारी का भरोसा: घटना के संबंध में डीएसपी ताकेश्वर प्रसाद सिंह ने बताया कि पुलिस मृतक के मोबाइल डिटेल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर मामले की जांच में जुट गई है. परिजनों के आधार पर मामला दर्ज किया जा चुका है. जल्द सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
"मोबाइल डिटेल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर मामले की जांच कर रहे हैं. परिजनों के आधार पर मामला दर्ज किया जा चुका है. जल्द सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा." - तारकेश्वर प्रसाद सिंह, डीएसपी, नालंदा
इसे भी पढ़ें-
सुबह हुआ था खाना बनाने को लेकर झगड़ा, शाम को पत्नी को मारी दो गोली, फिर खुद के साथ किया ये काम

