निशांत कुमार के पहुंचने से पहले डॉक्टर गायब, स्वास्थ्य मंत्री ने मांगी लिस्ट
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने सीतामढ़ी सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर गायब मिले डॉक्टरों और कुव्यवस्था पर लिस्ट मांगी है. रिपोर्ट-धर्मेंद्र झा

Published : August 24, 2026 at 11:39 AM IST
सीतामढ़ी: बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार इन दिनों सीतामढ़ी के दो दिवसीय दौरे पर हैं. रविवार देर रात उन्होंने अचानक सीतामढ़ी सदर अस्पताल पहुंचकर औचक निरीक्षण किया. स्वास्थ्य मंत्री के अचानक अस्पताल पहुंचने से वहां के पूरे अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया.
विभिन्न वार्डों का लिया जायजा: निशांत कुमार ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया और मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली. उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई, चिकित्सकीय व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया. निशांत कुमार जब पहुंचे तो कई डॉक्टर और स्टाफ गायब पाए गए.

स्थानीय लोगों ने की शिकायतें: इस दौरान अस्पताल पहुंचे स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों ने स्वास्थ्य मंत्री से अस्पताल में व्याप्त कुव्यवस्था की शिकायत की. लोगों ने उन्हें विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया. शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.
"अस्पताल प्रशासन से लिस्ट मांगी गई है. उसमें देखा जाएगा कि कौन-कौन अनुपस्थित हैं. जो भी दोषी होंगे उनपर कार्रवाई होगी. लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं." -निशांत कुमार, स्वास्थ्य मंत्री, बिहार
एंबुलेंस और आउटसोर्सिंग की जांच: अस्पताल में एंबुलेंस और आउटसोर्स वाले काम क्यों नहीं कर रहे हैं, इसकी गहन जांच होगी. दरअसल, मरीजों ने मंत्री से शिकायत की थी कि एंबुलेंस चालक मनमानी करते हैं. स्वास्थ्य मंत्री के इस औचक निरीक्षण को लेकर अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मचा रहा.
अस्पताल में कई कमियां उजागर: अस्पताल में क्या-क्या कमी पाई गई? इसपर निशांत कुमार ने कहा कि अस्पताल में साफ-सफाई की कमी है. मरीज के बेड पर चादर नहीं रहता और खिड़की में पर्दा नहीं है. इसके अलावा डॉक्टर भी ड्यूटी के दौरान एप्रन नहीं पहनते हैं.
मेडिकल स्टाफ और दवाओं की कमी: निरीक्षण के दौरान अस्पताल में मेडिकल सर्जन, रेडियोलॉजिस्ट और जरूरी दवाओं की कमी देखी गई है. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हमने अस्पताल प्रशासन को विस्तृत लिस्ट देने के लिए कहा है कि वहां क्या-क्या कमी है. उस कमी को जल्द पूरा किया जाएगा.
पानी की समस्या और बंद पड़े आरओ: इसके अलावे अस्पताल में पानी की गंभीर समस्या है. मरीजों ने शिकायत की है कि अस्पताल में 4 आरओ लगा है, लेकिन कोई चालू नहीं है. उन्हें बिजली से कनेक्शन नहीं किया गया है. इस वजह से लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है.
सुविधाओं को पूरा करने का भरोसा: निशांत कुमार ने कहा कि "अस्पताल प्रशासन से कमियों की लिस्ट मांगी गई है. जो भी सुविधा और स्टाफ की कमी है, उसे पूरा किया जाएगा." यह आधिकारिक बयान बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने निरीक्षण के बाद मीडिया और अस्पताल प्रशासन के समक्ष दिया.
ये भी पढ़ें:

