चतरा प्लेन क्रैश के मृतकों के परिवार से मंत्री इरफान अंसारी ने की मुलाकात, कहा- झारखंड में स्वास्थ्य व्यवस्था है खराब
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने चतरा विमान दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिवारों से मुलाकात की.

Published : February 24, 2026 at 9:51 PM IST
|Updated : February 24, 2026 at 10:23 PM IST
चतरा: झारखंड के चतरा जिले में हुए दुखद एयर एम्बुलेंस क्रैश के बाद सूबे के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी चतरा पहुंचे. उन्होंने सदर अस्पताल में मृतकों के परिवारों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी. उन्होंने कहा कि यह राज्य के लिए बहुत दुखद घटना थी और अब तक का सबसे बड़ा प्लेन क्रैश था. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन की तुरंत कार्रवाई से सफल रेस्क्यू ऑपरेशन हुआ और उसमें सवार सभी लोगों के शव बरामद कर लिए गए.
उन्होंने कहा कि सभी शवों का पोस्टमॉर्टम होने के बाद उन्हें उनके परिवारों को सौंप दिया गया है. उन्होंने कहा कि झारखंड में स्वास्थ्य व्यवस्था की दयनीय हालत के कारण मरीज को दिल्ली ले जाया जा रहा है. मंत्री ने कहा कि प्लेन क्रैश के कारणों की जांच की जाएगी.
उन्होंने साफ कहा कि प्लेन क्रैश का कारण जांच का विषय है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने पीड़ितों के परिवारों को भरोसा दिलाया कि झारखंड सरकार इस दुख की घड़ी में उनके साथ है.
उन्होंने प्लेन क्रैश को लेकर केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि अलग-अलग राज्यों में बार-बार प्लेन क्रैश हो रहे हैं. केंद्र सरकार इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है. केंद्र सरकार को इस मामले को गंभीरता से लेने की जरूरत है.
वहीं चतरा सांसद कालीचरण सिंह ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया. उन्होंने कहा कि यह सात परिवारों के लिए बहुत बड़ी त्रासदी है. उन्होंने भगवान से सभी परिवारों को यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की. उन्होंने प्लेन क्रैश की हाई-लेवल जांच और मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा देने की भी मांग की.
विधायक जनार्दन पासवान ने कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है और पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है. उन्होंने कहा कि सरकार को प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता और आर्थिक सहयोग देनी चाहिए. उन्होंने यह हादसे की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
यह भी पढ़ें:
चतरा एयर एंबुलेंस क्रैश मामले की जांच में जुटी DGCA, रांची पहुंची टीम
चतरा में एयर एम्बुलेंस प्लेन क्रैश: अमृतसर के पायलट स्वराजदीप सिंह की मौत, परिवार सदमे में

