स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल की बेटी गीतांजलि कश्यप को छह महीने का सेवा विस्तार, अधिसूचना जारी
स्वास्थ्य मंत्री की बेटी को मिले सेवा विस्तार के बाद राज्य में सरकारी कर्मचारियों को एक्सटेंशन देने का मुद्दा फिर चर्चा में आ गया है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 18, 2026 at 4:08 PM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार में स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल की बेटी गीतांजलि कश्यप को छह महीने का सेवा विस्तार दिया गया है. हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा निदेशालय की ओर से इस बाबत अधिसूचना जारी की गई है. गीतांजलि कश्यप वर्तमान समय में शिक्षा विभाग के अंदर साइकोलॉजी लेक्चरर के पद पर कार्यरत हैं. गीतांजलि जिला सोलन में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में सेवाएं दे रही हैं. अब उन्हें 6 महीने का सेवा विस्तार दिया गया है.
31 अगस्त 2026 तक के लिए दिया गया सेवा विस्तार
अधिसूचना के अनुसार, गीतांजलि कश्यप की सेवाएं इसी साल 28 फरवरी को पूरी हो रही थी. ऐसे में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान सोलन में उनकी सेवाओं को छह महीने का सेवा-विस्तार दिया गया है. अब गीतांजलि कश्यप इस वर्ष अगस्त महीने तक अपनी सेवाएं जारी रहेंगी. अधिसूचना के मुताबिक गीतांजलि कश्यप को दिया गया सेवा विस्तार 01 मार्च 2026 से 31 अगस्त 2026 तक प्रभावी रहेगा.

प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों के सेवा विस्तार को लेकर फिर छिड़ी बहस
स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल की बेटी गीतांजलि कश्यप को मिले सेवा विस्तार के बाद राज्य में सरकारी कर्मचारियों को एक्सटेंशन देने का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है. इससे पहले प्रदेश में मुख्य सचिव को पहली बार 6 महीने का सेवा विस्तार दिया गया था. प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना का 6 महीने का सेवा विस्तार मिलने के बाद प्रदेश में सर्विंस एक्सटेंशन को लेकर खूब चर्चाएं हुई थी.
सेवा विस्तार पर सदन में सरकार से सवाल
वहीं, इस बजट सत्र के दौरान भी विपक्ष के विधायकों की ओर से सेवा विस्तार को लेकर सरकार से प्रश्न पूछा गया था. भाजपा विधायक जनक राज, रणधीर शर्मा, इन्द्र दत्त लखनपाल और सुधीर शर्मा की ओर से सवाल लगाया गया था. विपक्ष के विधायकों ने प्रदेश में सेवा विस्तार पाने वाले कर्मचारियों का बुरा मांगा था. हालांकि राज्य सरकार ने अपने जवाब में जानकारी एकत्रित की जाने की बात कही.
ये भी पढ़ें: विधायक निधि पर घमासान! विधानसभा में गूंजा 1.10 करोड़ का सवाल, CM सुक्खू ने दिया बड़ा बयान
ये भी पढ़ें: "एक्सीडेंटल CM" टिप्पणी पर भड़के जयराम ठाकुर, इस विधायक से हुई तीखी नोकझोंक, सदन में बोले- "नंगा कर दूंगा"

