स्वास्थ्य मंत्री की बेटी को एक्सटेंशन के तुरंत बाद मिला बड़ा इनाम, प्रवक्ता से बना दिया प्रिंसिपल
स्वास्थ्य मंत्री धनी राम शांडिल की बेटी गीतांजलि कश्यप को सेवा विस्तार के बाद प्रिंसिपल बनाया गया.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : March 3, 2026 at 6:10 PM IST
शिमला: हिमाचल की सियासत और प्रशासनिक गलियारों में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है. प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री धनी राम शांडिल की बेटी गीतांजलि कश्यप को पहले फरवरी में छह महीने का सेवा-विस्तार दिए जाने और अब पदोन्नति कर प्रवक्ता से प्रिंसिपल बनाए जाने के फैसले ने राजनीतिक तापमान बढ़ने वाला है. हालांकि, गीतांजलि कश्यप के साथ कई अन्य प्रवक्ताओं को भी पदोन्नत कर प्रिंसिपल बनाया गया है.
इसको लेकर शिक्षा निदेशालय की ओर से 28 फरवरी को अधिसूचना जारी की गई, जिन्हें दिसंबर 2025 से वित्तीय लाभ प्राप्त होंगे. शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी पदोन्नति आदेशों में गीतांजलि कश्यप को प्रवक्ता से प्रिंसिपल बनाया गया है. इन्हें सेवा विस्तार देने के आदेश इन पदोन्नति आदेशों से पहले जारी हो गए थे. सोलन से भाजपा के प्रत्याशी रहे डॉ. राजेश कश्यप की पत्नी कैबिनेट मंत्री धनीराम शांडिल की बेटी हैं.

31 अगस्त 2026 तक सेवा विस्तार
प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल की बेटी गीतांजलि कश्यप की सेवाएं इसी साल 28 फरवरी को पूरी हो रही थी, जिसको देखते हुए उन्हें 17 फरवरी को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान सोलन में उनकी सेवाओं को छह महीने का सेवा-विस्तार दिया गया. जिसके बाद अब गीतांजलि कश्यप की अगस्त 2026 तक सेवाएं जारी रहेंगी. अब उनको प्रवक्ता से प्रिंसिपल बनाया गया है.
वहीं, इस बजट सत्र के दौरान 18 फरवरी को विपक्ष के विधायकों की ओर से सेवा विस्तार को लेकर सरकार से प्रश्न पूछा गया था. जिसमें भाजपा विधायक जनक राज, रणधीर शर्मा, इंद्र दत्त लखनपाल और सुधीर शर्मा की ओर से सवाल लगाया गया था. विपक्ष के विधायकों ने प्रदेश में सेवा विस्तार पाने वाले कर्मचारियों का बुरा मांगा था. हालांकि, राज्य सरकार ने अपने जवाब में जानकारी एकत्रित की जाने की बात कही थी.
ये भी पढ़ें: स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल की बेटी गीतांजलि कश्यप को छह महीने का सेवा विस्तार, अधिसूचना जारी

