H1N1 पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की नजर, राज्यभर में निगरानी और उपचार की व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश
झारखंड में स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग की पैनी नजर है. उपेंद्र कुमार की रिपोर्ट.

Published : August 30, 2026 at 1:04 AM IST
रांची: झारखंड में स्वाइन फ्लू (H1N1) को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है. वहीं शनिवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भी राज्य के सभी जिलों में H1N1/इन्फ्लुएंजा के मामलों की सतत निगरानी, इसकी समय पर पहचान, जांच और उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं.
इस संबंध में 29 अगस्त 2026 को स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी के हस्ताक्षर से विभागीय मंत्री की ओर से जारी एडवाइजरी में सभी उपायुक्तों, सिविल सर्जनों, मेडिकल कॉलेज अस्पतालों के अधीक्षक/प्राचार्य और जिला सर्विलांस पदाधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है.

इस एडवाइजरी के मुताबिक सभी जिलों में Influenza Like Illness (ILI) और Severe Acute Respiratory Infection (SARI) के मामलों की नियमित निगरानी की जाएगी. संभावित मामलों में असामान्य वृद्धि होने पर तत्काल सूचना और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. सभी सदर अस्पतालों, मेडिकल कॉलेज अस्पतालों, RIMS, अनुमंडलीय अस्पतालों, CHC और PHC को संदिग्ध मरीजों की समय पर पहचान, क्लिनिकल असेसमेंट, जांच और उपचार के लिए पूरी तरह तैयार रहने को कहा गया है.
स्वास्थ्य विभाग ने RIMS, रांची सहित सभी मेडिकल कॉलेज अस्पतालों और सदर अस्पतालों में अतिरिक्त 10 बेड सुरक्षित रखने का निर्देश दिया है, ताकी आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके. स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पतालों में पर्याप्त ऑक्सीजन, आवश्यक दवाएं, जांच सुविधाएं, ICU/HDU और प्रशिक्षित चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है.

एडवाइजरी में बुखार, खांसी, गले में दर्द, सर्दी-जुकाम अथवा सांस संबंधी लक्षण वाले मरीजों के चिकित्सकीय मूल्यांकन और जरूरत के अनुसार Influenza/H1N1 की जांच कराने पर जोर दिया गया है. गंभीर मरीजों को बिना विलंब उच्च चिकित्सा संस्थान में रेफर करने तथा प्रत्येक जिले में प्रभावी रेफरल व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश हैं.
इसके अलावा विभागीय मंत्री ने अपने एडवायजरी में एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सतर्कता और जन-जागरूकता अभियान चलाने को कहा है. संक्रमण नियंत्रण के निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करने, स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अफवाहों पर रोक लगाकर प्रमाणित जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने पर भी विशेष जोर दिया गया है.

स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने अधिकारियों से H1N1 को लेकर पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ काम करने तथा किसी भी गंभीर या असामान्य स्थिति की तत्काल रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने को कहा है.
इसे भी पढ़ें- AI से लैस होगा झारखंड का स्वास्थ्य महकमा, एनएचएम के अभियान निदेशक ने की बैठक
इसे भी पढ़ें- छात्र आंदोलन को लेकर स्वास्थ्य विभाग रहे अलर्ट, धरना स्थल पर हो अतिरिक्त डॉक्टर तैनात: स्वास्थ्य मंत्री

