श्रावणी मेले में पहली बार चलेगी 'टोटो एंबुलेंस', भीड़भाड़ वाले इलाकों में मिनटों में पहुंचेगी चिकित्सा सुविधा
देवघर में श्रावणी मेला के दौरान आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधा के लिए विभाग द्वारा टोटो एंबुलेंस सेवा शुरू की जाएगी.

Published : June 28, 2026 at 4:27 PM IST
देवघर: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं. श्रद्धालुओं की सुरक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए इस बार देवघर स्वास्थ्य विभाग ने एक नई और अभिनव पहल की है. पहली बार श्रावणी मेले के दौरान टोटो एंबुलेंस सेवा शुरू की जा रही है. जिससे कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में बीमार या घायल श्रद्धालुओं को बिना देरी के अस्पताल पहुंचाया जा सके.
देवघर के सिविल सर्जन डॉ रमेश कुमार ने बताया कि श्रावणी मेले के दौरान शहर की सड़कों पर लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है. ऐसी स्थिति में कई बार बड़े एंबुलेंस का घटनास्थल तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है. इसी चुनौती से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने टोटो एंबुलेंस की शुरुआत करने का निर्णय लिया है.
टेंडर माध्यम से टोटो का किया जाएगा चयन
सिविल सर्जन ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से टोटो का चयन किया जाएगा. प्रत्येक टोटो में प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी तैनात रहेंगे और प्राथमिक उपचार के लिए आवश्यक दवाइयों एवं चिकित्सा सामग्री की भी व्यवस्था रहेगी. जरूरत पड़ने पर मरीजों को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से निकालकर नजदीकी अस्पताल तक सुरक्षित पहुंचाया जाएगा.
आपातकालीन स्थिति में होगा कारगर साबित
सीएस के अनुसार संकरी गलियों और अत्यधिक भीड़ वाले क्षेत्रों में टोटो आसानी से संचालित हो सकता है. ऐसे में आपातकालीन परिस्थितियों में यह सेवा श्रद्धालुओं के लिए काफी कारगर साबित हो सकती है. हालांकि अब सबकी निगाहें इस बात पर रहेंगी कि स्वास्थ्य विभाग की यह नई पहल श्रावणी मेले में कितनी सफल होती है. क्या टोटो एंबुलेंस वास्तव में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को नई गति दे पाएगी या फिर यह भी पहले शुरू की गई बाइक एंबुलेंस योजना के तरह सीमित उपयोग तक सिमटकर रह जाएगी.
ये भी पढ़ें: देवघर श्रावणी मेले के लिए खरीदी गई बाइक एम्बुलेंस बनी शोभा की वस्तु! सरकारी संपत्ति की बर्बादी पर उठे सवाल
रांची में रथयात्रा और श्रावणी मेले की तैयारियां तेज, डीसी ने की समीक्षा बैठक

