अब हेल्दी और चाक-चौबंद रहेंगे पुलिसकर्मी, थानों में हेल्थ कैंप लगाकर होगी नियमित जांच
ब्लड प्रेशर और नींद न आने की समस्या से जूझ रही पुलिस. भोपाल के सभी थानों में चरणबद्ध तरीके से लगाए जाएंगे स्वास्थ्य शिविर. इनमें पुलिसकर्मियों की सामान्य जांच के साथ होंगे ब्लड प्रेशर, शुगर और अन्य जरूरी परीक्षण.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 1, 2026 at 11:01 PM IST
भोपाल: लगातार ड्यूटी, मानसिक तनाव और समय पर इलाज न मिलने से पुलिसकर्मियों की सेहत पर बढ़ते खतरे को देखते हुए गांधी मेडिकल कॉलेज ने एक नई पहल शुरू की है. अब राजधानी के हर थाने में जूनियर डॉक्टरों की टीम पहुंचकर पुलिस कर्मचारियों की नियमित स्वास्थ्य जांच करेगी. इस पहल का उद्देश्य बीमारियों की शुरुआती पहचान कर समय रहते इलाज सुनिश्चित करना और तनावजनित रोगों से जूझ रहे पुलिस बल को राहत देना है.
काम का दबाव बन रहा शारीरिक और मानसिक बीमारियों की वजह़
जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉक्टर कुलदीप गुप्ता का कहना है कि पुलिसकर्मियों को तनाव और अत्यधिक कार्यभार के कारण कई तरह की शारीरिक और मानसिक बीमारियों का सामना करना पड़ता है. उच्च रक्तचाप, शुगर, अनिद्रा, मानसिक तनाव और हृदय संबंधी समस्याएं पुलिस कर्मचारियों में तेजी से बढ़ रही हैं. डॉक्टरों के अनुसार पुलिसकर्मियों को लंबे समय तक ड्यूटी करने के कारण परिवार को पर्याप्त समय नहीं मिल पाता. इससे मानसिक दबाव बढ़ता है, जो धीरे-धीरे गंभीर बीमारी का रूप ले लेता है. कई मामलों में दवाइयों से अस्थायी राहत मिलती है, लेकिन तनाव की जड़ खत्म नहीं हो पाती.
हर थाने में लगेगा नियमित स्वास्थ्य शिविर
डॉ. गुप्ता ने बताया कि इस पहल के तहत राजधानी के सभी थानों में चरणबद्ध तरीके से स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे. इन शिविरों में पुलिसकर्मियों की सामान्य जांच के साथ ब्लड प्रेशर, शुगर और अन्य जरूरी परीक्षण किए जाएंगे. आवश्यकता पड़ने पर उन्हें आगे के इलाज के लिए अस्पताल रेफर भी किया जाएगा. गांधी मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टर इन स्वास्थ्य शिविरों में प्रमुख भूमिका निभाएंगे. डॉक्टरों का कहना है कि थाने स्तर पर जांच होने से पुलिसकर्मियों को समय पर इलाज मिलेगा और उन्हें गंभीर बीमारी की स्थिति से बचाया जा सकेगा.
पुलिस आयुक्त ने बताया स्वागतयोग्य कदम
भोपाल पुलिस आयुक्त हरिनारायणचारी मिश्र ने बताया कि पुलिसकर्मियों को तनाव से बचाने के लिए योग और ध्यान का प्रशिक्षण दिया जाता है. जिससे वे अपनी वर्किंग लाइफ को एडजस्ट कर सकें. इसके साथ पुलिसकर्मियों के लिए खेल-कूद के साथ अन्य सुविधाएं भी दी जाती हैं. पुलिस आयुक्त ने बताया कि यदि गांधी मेडिकल कॉलेज की टीम द्वारा थानों में स्वास्थ्य शिविर लगाया जाता है, तो यह स्वागतयोग्य कदम है. इससे पुलिसकर्मियों को थाने में ही स्वास्थ्य से संबंधित जांच हो जाएंगी.

