ETV Bharat / state

HC ने न्यायिक व्यवस्था में किए अहम बदलाव, प्रशांत जोशी नैनीताल जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त

नैनीताल हाईकोर्ट ने राज्य की न्यायिक व्यवस्था में अहम बदला की अधिसूचना जारी की है.

Uttarakhand High Court
उत्तराखंड हाईकोर्ट (Photo-ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : January 6, 2026 at 7:44 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

नैनीताल: उत्तराखंड हाईकोर्ट ने राज्य की न्यायिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए कई वरिष्ठ न्यायिक अधिकारियों के स्थानांतरण और नई नियुक्तियों की अधिसूचना जारी की है. मुख्य न्यायाधीश के आदेश से जारी इस अधिसूचना के अनुसार, शासन में तैनात प्रमुख सचिव (विधि) प्रशांत जोशी को नैनीताल का नया जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है. वह हरीश कुमार गोयल का स्थान लेंगे, जिनके नाम की सिफारिश राज्य सरकार को पौड़ी गढ़वाल के परिवार न्यायालय में प्रमुख न्यायाधीश के रूप में तैनाती के लिए भेजी गई है.

इसी क्रम में, राज्य परिवहन अपीलीय न्यायाधिकरण, देहरादून के अध्यक्ष नितिन शर्मा को भी उनके मूल विभाग में वापस बुला लिया गया है. उन्हें टिहरी गढ़वाल का नया जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है. शर्मा यहां अमित कुमार सिरोही का स्थान लेंगे. टिहरी के वर्तमान जिला जज अमित कुमार सिरोही को अब राज्य सरकार में प्रमुख सचिव (विधि)-सह-एल.आर. के महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त करने की सिफारिश की गई है.

प्रशासनिक कार्यों को सुचारू बनाने के लिए हाईकोर्ट ने अतिरिक्त प्रभार और नई नियुक्तियों के सुझाव भी दिए हैं. वाणिज्यिक कर न्यायाधिकरण के अध्यक्ष मलिक मजहर सुल्तान को उनके वर्तमान कार्यों के साथ-साथ राज्य परिवहन अपीलीय न्यायाधिकरण, देहरादून के अध्यक्ष पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपने की अनुशंसा की गई है. इसके अतिरिक्त, पौड़ी गढ़वाल के परिवार न्यायालय के प्रमुख न्यायाधीश राहुल गर्ग को हरिद्वार के श्रम न्यायालय में पीठासीन अधिकारी के रिक्त पद पर तैनात करने का निर्णय लिया गया है.

हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल योगेश कुमार गुप्ता द्वारा हस्ताक्षरित यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू माने जाएंगे. हालांकि, इन स्थानांतरणों का पूर्ण क्रियान्वयन राज्य सरकार द्वारा प्रासंगिक प्रतिनियुक्ति और पोस्टिंग अधिसूचनाएं जारी होने के बाद ही प्रभावी होगा.

पढ़ें-उधम सिंह नगर में सरकारी राशन की बर्बादी और दोषियों से वसूली माफी मामले में सुनवाई, जानिए क्या हुआ?