टॉर्च की रोशनी में ऑपरेशन, सरकारी अस्पताल की बदहाली उजागर, हजारीबाग सांसद ने स्वास्थ्य विभाग पर उठाए सवाल
हजारीबाग के केरेडारी में एक सीएचसी में मोबाइल की टॉर्च में एक महिला का ऑपरेशन किए जाने का वीडियो वायरल हुआ है.

Published : December 21, 2025 at 5:09 PM IST
हजारीबाग: जिले के लचर स्वास्थ्य व्यवस्था ने पूरे सिस्टम की पोल खोल दी है. हजारीबाग के केरेडारी प्रखंड के एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मोबाइल की टॉर्च की रोशनी से परिवार नियोजन का ऑपरेशन किए जाने का एक वीडियो वायरल हुआ है. वीडियो में हॉस्पिटल के कर्मी एक महिला का ऑपरेशन कर रहे हैं. ऑपरेशन के दौरान, अस्पताल के कर्मी बातें भी करते दिख रहे हैं. कई तरह की आवाजें भी रिकॉर्ड हुई हैं, जिसमें अस्पताल सुधारने की बात भी कही जा रही है. डीसी ने पूरे मामले का संज्ञान लिया है.
घटना सामने आने के बाद, मामले को लेकर लीपा पोती की कोशिश भी की जा रही है. हजारीबाग के सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने कहा कि यह पता लगाने के लिए जांच चल रही है कि वीडियो कब की है. उन्होंने यह भी कहा कि घटना के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है. हजारीबाग के सभी हॉस्पिटल में बिजली की वैकल्पिक सप्लाई पक्का करने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं. हजारीबाग के डीसी ने भी इस पर संज्ञान लिया है.
पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, जिससे लोगों में काफी गुस्सा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में बिजली, जनरेटर और दूसरी बुनियादी सुविधाओं की लगातार कमी रही है, और चिकित्सा प्रभारी की लापरवाही से मरीजों की जान खतरे में पड़ रही है.
इस मामले ने राजनीतिक मोड़ भी ले लिया है. झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी से खराब स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सवाल किए हैं. इस बीच, हजारीबाग के सासंद मनीष जायसवाल ने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी की कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि वह अफना विभाग देखें. बयानबाजी में कुछ नहीं रखा. उन्होंने दुख जताया कि केंद्र सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने की पूरी कोशिश कर रही है, लेकिन राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवा देने में नाकाम रही है. सांसद ने यह भी कहा कि झारखंड सरकार स्वास्थ्य सेवा देने में सबसे निचले स्तर पर गिर गई है.
यह भी पढ़ें:
अस्पताल के साइलेंस जोन में गाने पर डॉक्टरों का डांस, सिविल सर्जन ने मामने पर लिया संज्ञान
थैले में बच्चे का शव ले जाने का मामला: प्रशासन ने जारी किया जांच रिपोर्ट, गलती मानने से इनकार
शव को थैले में डालकर गांव पहुंचा पिता, चाईबासा सदर अस्पताल की लापरवाही, मौत के बाद नहीं मिला वाहन

