हाथरस में शराब ठेका का विरोध; पुलिस टीम से भिड़े ग्रामीण, मारपीट हंगामा
हाथरस गेट कोतवली क्षेत्र के गांव टुकसन स्थित शराब ठेका बंद कराने की मांग कर रहे हैं ग्रामीण.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 6, 2026 at 11:32 AM IST
हाथरस : हाथरस गेट कोतवली क्षेत्र के गांव टुकसन स्थित शराब ठेके पर दो-तीन दिन से चल रहे हंगामा को लेकर रविवार शाम गांव पहुंची पुलिस टीम से महिलाओं व अन्य लोगों से तीखी नोक-झोंक हुई. झड़प में कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है. सीओ हिमांशु माथुर ने बताया कि शराब ठेका बंद करने को हंगामा करने वाले लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था. इसी सिलसिले में पुलिस टीम गांव पहुंची थी.
बता दें, गांव टुकसान के पास देसी शराब के ठेके को लेकर लोगों में काफी नाराजगी है. महिलाओं का कहना है कि जब से यहां ठेका खुला है उनके परिवार के पुरुषों में शराब पीने की लत बढ़ गई है. घर पहुंच कर वे परिजनों से अभद्रता करते हैं और अपनी कमाई का अधिकतर पैसा शराब में उड़ा देते हैं. कुछ शराबी ठेके के पास से गुजरने वाली महिलाओं और लड़कियों पर छींटाकशी भी करते हैं. इसे लेकर दो तीन दिन पहले गांव की महिलाएं व कुछ और लोग ठेके पर पहुंच गए थे.
ग्रामीण ठेके को बंद करने की मांग कर रहे थे और संचालक पर ठेके को बंद करने का दवाब बनाते हुए तोड़फोड़ भी की थी. इस दौरान हाथरस-इगलास रोड पर जाम भी लगाया गया था. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने किसी तरह लोगों को हटा दिया था. इसके बाद शनिवार को भी महिलाएं व अन्य लोग ठेके पर पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें खदेड़ कर भगा दिया था. शनिवार को ठेका संचालक अकील खान पुत्र शमसुद्दीन खान की तहरीर पर पुलिस ने 15 नामजद और 20-30 अज्ञात महिला-पुरुष के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था.
सीओ सदर हिमांशु माथुर के मुताबिक रविवार शाम को काफी संख्या में पुलिस फोर्स गांव टुकसान पहुंची थी. तभी लोगों के साथ तीखी झड़प व मारपीट हो गई. जिसमें कुछ लोग घायल हुए हैं. इस झड़प में कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिन्हें बागला जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पांच महिलाओं को हिरासत में लिया गया है.
यह भी पढ़ें : हाथरस में शराब ठेके पर महिलाओं का धावा, पैरो से कुचल डाले पौव्वे, शराबियों में दहशत
यह भी पढ़ें : आबादी और मंदिर के पास ठेके का विरोध, बागपत में महिलाओं ने खोला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा

