ETV Bharat / state

जींद यूनिवर्सिटी पहुंची महिला आयोग की अध्यक्ष, तीनों प्रोफेसरों पर मामला दर्ज करने के निर्देश, सभ्यता के नाम पर बताया धब्बा

जींद यूनिवर्सिटी की छात्राओं की शिकायत के बाद रेणू भाटिया ने तीनों प्रोफेसरों के खिलाफ मामला दर्ज करने के निर्देश दिए हैं.

Haryana Women Commission Chairperson Renu Bhatia directed to register a case against three professors of Jind University on the complaint of girl students
जींद यूनिवर्सिटी पहुंची महिला आयोग की अध्यक्ष (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : December 4, 2025 at 10:18 PM IST

|

Updated : December 4, 2025 at 10:44 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

जींद : चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय की छात्राओं के तीन प्रोफेसरों पर लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद गुरूवार शाम महिला आयोग की अध्यक्ष रेणू भाटिया विश्वविद्यालय पहुंची. उनके साथ एसपी कुलदीप सिंह और बाकी अधिकारी भी मौजूद रहे. रेणू भाटिया ने वीसी प्रो. रामपाल सैनी और रजिस्ट्रार से छात्राओं से यौन शोषण के कथित आरोपों को लेकर बातचीत की. वीसी ने आगामी 24 घंटे में तीनों प्रोफेसर के खिलाफ मामला दर्ज करवाने की बात कही है. अध्यक्ष रेणू भाटिया ने कहा कि 24 घंटे में मामला दर्ज होना चाहिए था, पर ऐसा नहीं हुआ है. वो इसका जवाब कल एसपी से और वीसी साहब से मांगेंगी. प्रोफेसर के द्वारा ऐसा चैट लिखना बहुत ही शर्मनाक घटना है. हालांकि तीनों को सस्पेंड कर दिया गया है लेकिन हमें एक ऐसा उदाहरण पेश करना चाहिए कि फिर से ऐसी घटनाएं न हों.

सभ्यता के नाम पर धब्बा : रेणू भाटिया ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि "उन्हें अफसोस है कि एक प्रोफेसर लेवल का व्यक्ति इस तरह की भाषा का प्रयोग करता है. जो चैट निकल कर आई है, वो गलत है. ये सभ्यता के नाम पर धब्बा है. वो उम्मीद करती हैं कि वीसी और रजिस्ट्रार ने जो एक्शन की बात कही है, वो होगा. तीनों प्रोफेसर को सस्पेंड कर दिया गया है. लेकिन सिर्फ सस्पेंड करने से बात नहीं बनेगी, ऐसी मानसिकता दूसरे विश्वविद्यालयों में भी जाएगी, ऐसे में इन प्रोफेसरों के खिलाफ मामला दर्ज होना चाहिए. उन्होंने एसपी और डीएसपी से पूरे मामले में विस्तार से चर्चा की है."

तीनों प्रोफेसरों पर मामला दर्ज करने के निर्देश (Etv Bharat)

ऐसे प्रोफेसरों पर सख्त कार्रवाई हो : रेणू भाटिया ने कहा कि "क्या कोई किसी और का फोन उठाकर कोई मैसेज कर सकता है. प्रोफेसर का कहना है कि किसी ने उनका फोन उठा कर मैसेज किए हैं, ऐसे में उस प्रोफेसर को मैसेज करने वाले का नाम बताना चाहिए. दूसरे का फोन कोई यूज़ करता है तो उसकी जानकारी पता होती है. अगर मोबाइल हैक हो जाए तो उसकी रिपोर्ट की जाती है. लेकिन प्रोफेसर ने ऐसा नही किया. बहुत मुश्किल से लड़कियां यूनिवर्सिटी तक पहुंचती है और आप उनके साथ ऐसा व्यवहार कर आगे बढ़ने से रोकते हैं. ऐसे प्रोफेसर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए."

शिकायत में क्या कहा गया है ? : शिकायत में लिखा गया है कि इन शिक्षकों ने कक्षा के दौरान और कक्षा के बाहर अशोभनीय और अश्लील टिप्पणियां की. छात्राओं से बार-बार अनुचित व्यक्तिगत प्रश्न पूछे गए. एक छात्रा से आपत्तिजनक बातें कही गई. कई छात्राओं के पहनावे, शरीर और दिखावे पर व्यक्तिगत सेक्सुअल कमेंट किए गए. आंतरिक अंक और उपस्थिति को हथियार बना कर अनुचित दबाव बनाया गया. मना करने पर इनमें से एक शिक्षक ने कार्रवाई की धमकी दी. वहीं दूसरे शिक्षक पर आरोप हैं कि वे छात्राओं के पास रात को 11 बजे वाट्सअप वीडियो कॉल करते हैं. वहीं तीसरे शिक्षक पर एससी, बीसी और ओबीसी समुदाय को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां करने के आरोप लगाए गए हैं.

हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App

ये भी पढ़ें - जींद यूनिवर्सिटी में छात्राओं के आरोपों पर महिला आयोग ने तलब की रिपोर्ट, दीपेंद्र हुड्डा-दिग्विजय चौटाला ने की कार्रवाई की मांग

ये भी पढ़ें - जींद यूनिवर्सिटी की छात्राओं ने शिक्षकों पर लगाए गंभीर आरोप, जांच कमेटी बनाई गई, छात्र संगठनों ने फूंका पुतला

ये भी पढ़ें - सोनीपत में प्रेमिका को सूटकेस में छिपाकर यूनिवर्सिटी पहुंचा छात्र, सिक्योरिटी ने पकड़ा, देखें वीडियो

Last Updated : December 4, 2025 at 10:44 PM IST