नेशनल एथलेटिक्स में हरियाणा की बेटियों का जलवा, जींद की रवीना बनीं गोल्डन गर्ल, शिल्पा ने भी जीते गोल्ड
राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हरियाणा की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर गोल्ड पदक जीता है.

Published : May 25, 2026 at 10:47 AM IST
जींद: झारखंड के रांची स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम मोराबादी में आयोजित 29वीं नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन चैंपियनशिप में हरियाणा की महिला खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए. 22 मई से 25 मई तक आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश की बेटियों ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर हरियाणा का गौरव बढ़ाया. प्रतियोगिता का आयोजन एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से किया गया.
रवीना बनीं गोल्डन गर्ल: जींद की खिलाड़ी रवीना ने 10 किलोमीटर रेस वॉक प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 44 मिनट 29 सेकेंड 66 माइक्रो सेकेंड का समय निकाला और स्वर्ण पदक अपने नाम किया. इस उपलब्धि के साथ उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए भी क्वालीफाई कर लिया. इस मुकाबले में ऑल इंडिया पुलिस की रेशमा पटेल ने रजत और उत्तर प्रदेश की मुनिता प्रजापति ने कांस्य पदक हासिल किया. रवीना की इस सफलता से खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है.

शिल्पा रानी ने जेवलिन थ्रो में जीता स्वर्ण: जींद की ही शिल्पा रानी ने जेवलिन थ्रो स्पर्धा में 56 मीटर 46 सेंटीमीटर की शानदार थ्रो कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया. उत्तर प्रदेश की अनु रानी को रजत पदक जबकि आंध्र प्रदेश की रश्मि के को कांस्य पदक मिला. शिल्पा के प्रदर्शन ने हरियाणा की खेल प्रतिभा को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर साबित किया.
योगिता, तमन्ना और अंजू ने भी दिलाए पदक: भिवानी की योगिता ने शॉट पुट स्पर्धा में 16 मीटर 82 सेंटीमीटर की थ्रो के साथ रजत पदक हासिल किया. वहीं जींद की तमन्ना ने 100 मीटर दौड़ में 11 सेकेंड 62 माइक्रो सेकेंड का समय निकालकर कांस्य पदक जीता. हिसार की अंजू ने 1500 मीटर दौड़ में 4 मिनट 21 सेकेंड 26 माइक्रो सेकेंड के समय के साथ कांस्य पदक हरियाणा की झोली में डाला.
पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को दी बधाई: एथलेटिक्स हरियाणा के अध्यक्ष दिलबाग सिंह ने कहा कि, "हरियाणा की बेटियों ने पूरे देश में प्रदेश का नाम रोशन किया है. खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण प्रेरणादायक है." वहीं, महासचिव प्रदीप मलिक ने कहा कि, "यह प्रदर्शन आने वाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के लिए भी सकारात्मक संकेत है." इसके साथ ही मीडिया प्रभारी सत्यवीर धनखड़ ने खिलाड़ियों की उपलब्धि को हरियाणा के लिए गौरवपूर्ण बताया.

