ETV Bharat / state

हरियाणा दे रहा देश में सबसे ज्यादा पेंशन, सीएम सैनी की सौगात से बुजुर्गों की हो गई बल्ले-बल्ले

हरियाणा देश में सबसे ज्यादा पेंशन बुजुर्गों को दे रहा है. सीएम नायब सिंह सैनी की सौगात के बाद बुजुर्गों की बल्ले-बल्ले हो गई है.

Haryana will provide the highest pension in the country CM Nayab Singh Saini increased the pension
देश में सबसे ज्यादा पेंशन देने वाला राज्य बना हरियाणा (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 12, 2026 at 8:07 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार ने बजट सत्र से पहले सामाजिक सुरक्षा पेंशन, भत्तों एवं वित्तीय सहायता योजनाओं की दरों में वृद्धि करने का निर्णय लिया है. सरकार की ओर से 13 कैटेगरी में पेंशन की बढ़ोत्तरी की गई है. सरकार की घोषणा के बाद प्रदेश के करीब 30 लाख पेंशनरों को 3200 से लेकर 14,400 रुपए तक की हर महीने पेंशन मिलेगी. अभी तक 9 कैटेगरी की पेंशनों में लाभार्थियों को 3000 रुपए दिए जा रहे थे, लेकिन अब सरकार की ओर से इसमें 200 रुपए की बढ़ोतरी कर दी गई है. सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (सेवा) विभाग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार ये बढ़ी हुई दरें 1 नवंबर, 2025 से प्रभावी होंगी, जिनका भुगतान फरवरी 2026 में लाभार्थियों को किया जाएगा.

3200 रुपए मिलेगी पेंशन : सरकारी आदेशों के अनुसार लाडली सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, दिव्यांगजन पेंशन (बौने व्यक्तियों सहित), निराश्रित महिलाओं एवं विधवाओं को वित्तीय सहायता, विधुर एवं अविवाहित व्यक्तियों के लिए वित्तीय सहायता योजना-2023, वृद्धावस्था सम्मान भत्ता योजना, दुर्लभ रोगों से पीड़ित व्यक्तियों को वित्तीय सहायता, स्टेज-III एवं स्टेज-IV कैंसर रोगियों को वित्तीय सहायता तथा किन्नर पेंशन योजना के तहत अब लाभार्थियों को 3200 रुपये प्रतिमाह पेंशन/सहायता दी जाएगी.

"मौज करी बुढ़ापैं म्ह": हरियाणा सीएमओ की ओर से जारी पोस्ट में कहा गया कि " मौज करी बुढ़ापैं म्ह, सुणों सभी दे ध्यान. पेंशन कर दी बत्तीस सौ, खूब बढ़ाया मान. हरियाणा सरकार प्रदेश के बुजुर्गों के सम्मान में देश में सर्वाधिक सामाजिक सुरक्षा पेंशन दे रही है, जिसे इस माह बढ़ाकर ₹3,200 कर दिया गया है.

एसिड अटैक विक्टिम को मिलेगी इतनी राशि : एसिड पीड़ितों को दी जाने वाली वित्तीय सहायता को भी बढ़ाया गया है. अब दिव्यांगता प्रतिशत के आधार पर 3200 रुपये को आधार मानते हुए सहायता दी जाएगी. 40 से 50 प्रतिशत दिव्यांगता पर 8000 रुपये, 50 से 60 प्रतिशत दिव्यांगता पर 11200 रुपये, तथा 60 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता पर 14400 रुपये प्रतिमाह की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी.

स्कूल ना जाने वाले बच्चों को राहत : इसी प्रकार स्कूल ना जाने वाले विभिन्न अक्षमताओं वाले बच्चों को दी जाने वाली सहायता राशि 2400 रुपये से बढ़ाकर 2600 रुपये प्रतिमाह कर दी गई है.

निराश्रित बच्चों को भी मिलेगी ज्यादा सहायता राशि : वहीं निराश्रित बच्चों को दी जाने वाली सहायता राशि में भी बढ़ोत्तरी की गई है. इसके तहत एक बच्चे पर 2300 रुपये प्रतिमाह तथा दो बच्चों पर 4600 रुपये प्रतिमाह की वित्तीय सहायता दी जाएगी.

कश्मीरी प्रवासी परिवारों की बल्ले-बल्ले : हरियाणा राज्य में बसे कश्मीरी प्रवासी परिवारों को दी जाने वाली वित्तीय सहायता में भी बढ़ोत्तरी की गई है. अब एक व्यक्ति को 1700 रुपये प्रतिमाह, जबकि एक परिवार को अधिकतम 8500 रुपये प्रतिमाह की सहायता प्रदान की जाएगी.

20 फरवरी से बजट सत्र : आपको बता दें कि पिछले कई दिनों से विपक्ष के नेता पेंशन को लेकर सरकार की आलोचना कर रहे थे. बुढ़ापा पेंशन कटने और पेंशन ना बढ़ाने को लेकर सरकार की खूब खिंचाई भी की जा रही थी. 20 फरवरी से प्रदेश में बजट सत्र भी चालू होने वाला है. इससे पहले ही सरकार ने ये बड़ा फैसला लेते हुए हरियाणा के नागरिकों को ये बड़ी सौगात दी है. हरियाणा सरकार का ये निर्णय सामाजिक सुरक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों, गंभीर रोगियों और अन्य जरूरतमंद वर्गों को आर्थिक संबल मिलेगा.

सीएम ने बुलाई थी इमरजेंसी मीटिंग : आपको बता दें कि पेंशन को लेकर बुधवार को सीएम नायब सैनी ने एक इमरजेंसी मीटिंग की थी, जिसमें सेवा विभाग के 3 सीनियर अधिकारी और पेंशन से जुड़े 11 अन्य अधिकारी बुलाए गए थे. सीएम सैनी की ओर से अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए थे कि जब तक वेरिफिकेशन का काम पूरा ना हो जाए, तब तक किसी भी पेंशन रोकी ना जाए. सभी को पेंशन दी जाए.

हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App

ये भी पढ़ें : बुढ़ापा पेंशन पर सियासी संग्राम, सरकार और विपक्ष आमने सामने, क्या है हंगामे की वजह ?

ये भी पढ़ें : हरियाणा में 56 लाख से ज्यादा बेनिफिशियरी को मिले 1,431 करोड़ रुपये, 18 वेलफेयर स्कीम के तहत नायब सिंह सैनी ने किया डिस्ट्रिब्यूट

ये भी पढ़ें : हरियाणा की महिलाओं के खातों में धनवर्षा, नायब सिंह सैनी ने 181 करोड़ रुपए किए जारी