ETV Bharat / state

हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ का दिखेगा असर, आज कई क्षेत्रों में बूंदाबांदी के आसार

कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के असर से आज दक्षिण हरियाणा में बूंदाबांदी की संभावना है.

HARYANA WEATHER UPDATE
हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ का दिखेगा असर (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 23, 2026 at 9:04 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

चंडीगढ़: हरियाणा में आज एक नए कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार खासकर दक्षिणी हरियाणा के कुछ जिलों में आंशिक बादल छाए रहने और एक-दो स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी या छिटपुट वर्षा की संभावना है. हालांकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा. इस बदलाव से तापमान में बहुत बड़ी गिरावट की उम्मीद नहीं है, लेकिन वातावरण में हल्की ठंडक महसूस की जा सकती है.

दक्षिणी जिलों में बदल सकता है मौसम: मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दक्षिणी हरियाणा के जिलों में बादलों की आवाजाही अधिक रहेगी. कहीं-कहीं हल्की फुहारें पड़ सकती हैं, जिससे दिन के तापमान में मामूली गिरावट संभव है. वहीं उत्तर और पश्चिमी जिलों में मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना जताई गई है. किसानों के लिए यह बदलाव फिलहाल राहत भरा माना जा रहा है, क्योंकि तेज बारिश या ओलावृष्टि की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.

29.8 डिग्री तक पहुंचा पारा: प्रदेश में इन दिनों अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है. रविवार को सबसे अधिक तापमान नूंह मेवात में 29.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह सामान्य से अधिक माना जा रहा है. लगातार बढ़ते तापमान से साफ संकेत मिल रहे हैं कि सर्दी अब विदा ले चुकी है और गर्मी ने दस्तक दे दी है. शहरी इलाकों में दोपहर के समय धूप तीखी महसूस हो रही है.

सुबह-शाम हल्की ठंड बरकरार: दिन में भले ही गर्मी का एहसास हो रहा हो, लेकिन सुबह और शाम के समय हल्की ठंड अभी भी बनी हुई है. पश्चिमी विक्षोभ के बीच-बीच में सक्रिय होने से न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर बना हुआ है. इससे लोगों को अभी भी हल्के गर्म कपड़ों की जरूरत पड़ रही है. मौसम में यह उतार-चढ़ाव फिलहाल जारी रहने के संकेत हैं.

24 फरवरी से फिर उतार-चढ़ाव: मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 24 फरवरी से हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली क्षेत्र में तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा. हालांकि अधिक गिरावट की संभावना नहीं है. दिन और रात के तापमान सामान्य से ऊपर बने रह सकते हैं. विशेषज्ञों का अनुमान है कि फरवरी के अंतिम दिनों और मार्च की शुरुआत में तापमान में अचानक बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे समय से पहले गर्मी का अहसास होने लगेगा.

ये भी पढ़ें:हरियाणा में सर्दी की विदाई शुरू: दिन में 29°C तक पहुंचा पारा, सुबह-शाम ठंड का हल्का असर बरकरार