पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय:4 मार्च की रात से बदलेगा हरियाणा का मौसम, बारिश दिलाएगी गर्मी से राहत
हरियाणा में 4 मार्च की रात से मौसम का मिजाज बदलने वाला है. मौसम विभाग ने बूंदाबांदी की संभावना जताई है.

Published : March 3, 2026 at 9:17 AM IST
चंडीगढ़: हरियाणा में 4 मार्च की रात से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. मौसम विभाग के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय हो रहा है, जिसका असर प्रदेश पर भी पड़ेगा. इसके प्रभाव से आसमान में बादल छाए रहेंगे और खासकर उत्तरी जिलों में हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है.
मार्च की शुरुआत में ही बढ़ी गर्मी: मार्च के पहले ही सप्ताह में प्रदेश में गर्मी का असर साफ दिखाई देने लगा है. अधिकांश जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है. दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा है.
रातें भी होने लगीं गर्म: दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. प्रदेश में रात का तापमान 15 से 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है. यही कारण है कि लोगों ने गर्म कपड़े पहनना लगभग बंद कर दिया है. कई स्थानों पर दिन और रात दोनों समय पंखों का उपयोग शुरू हो गया है.
Observed #Maximum #Temperature over #Punjab, #Haryana & #Chandigarh dated 02-03-26 pic.twitter.com/RKsSZmE0IS
— IMD Chandigarh (@IMD_Chandigarh) March 2, 2026
2 से 5 डिग्री तक बढ़ेगा तापमान: मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मार्च के पहले सप्ताह में अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि इसके बाद तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है.
फिलहाल मौसम शुष्क: वर्तमान में हरियाणा में मौसम शुष्क बना हुआ है. दिन का तापमान 28.0°C से 32.7°C के बीच दर्ज किया जा रहा है, जबकि रात्रि तापमान 11.0°C से 16.0°C के बीच बना हुआ है. आने वाले दिनों में मौसम में आंशिक बदलाव के साथ हल्की राहत की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें:हरियाणा में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, 4 मार्च के बाद सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, होगी झमाझम बारिश

