हरियाणा में बदला मौसम का मिजाज: 11 शहरों में न्यूनतम तापमान 10°C से ऊपर, 17 फरवरी को बारिश के आसार
हरियाणा के 11 शहरों में न्यूनतम तापमान 10°C से ऊपर है. मौसम विभाग ने 17 फरवरी को बारिश की संभावना जताई है.

Published : February 13, 2026 at 9:24 AM IST
चंडीगढ़: हरियाणा में इन दिनों मौसम का मिजाज मिला-जुला बना हुआ है. दिन के समय धूप की हल्की तपिश महसूस की जा रही है, जबकि रात के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है. प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 1.3 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है, लेकिन इसके बावजूद कई जिलों में पारा सामान्य से ऊपर बना हुआ है. मौसम विभाग का कहना है कि 16 फरवरी तक राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा.
11 शहरों में रात का पारा 10 डिग्री पार: आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक अंबाला में 11.1°C, रोहतक में 10.8°C, भिवानी में 12.8°C, फरीदाबाद में 12.0°C, गुरुग्राम में 11.3°C, जींद में 10.6°C, कैथल में 10.1°C, पानीपत में 10.5°C, कुरुक्षेत्र में 11.4°C, नूंह में 12.4°C और रोहतक में 11.4°C न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया. इससे साफ है कि प्रदेश के 11 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है. वहीं, सोनीपत में सबसे कम 6.6°C न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, जिससे संकेत मिलता है कि कुछ इलाकों में अभी भी हल्की ठंड कायम है.
Observed #Maximum #Temperature over #Punjab, #Haryana & #Chandigarh dated 12-02-26 pic.twitter.com/IXvxFryjaj
— IMD Chandigarh (@IMD_Chandigarh) February 12, 2026
दिन में बढ़ी हल्की गर्माहट: प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है, फिर भी दिन के समय हल्की गर्माहट महसूस की जा रही है. भिवानी में 26.4°C, फरीदाबाद में 25.9°C, नूंह में 25.7°C और सोनीपत में 25.3°C अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया. राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 26.4°C भिवानी में दर्ज हुआ. हालांकि ठंडी हवाओं के कारण गर्मी ज्यादा असर नहीं दिखा पा रही है.
17 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ का असर: चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. चंद्रशेखर डागर के अनुसार 17 फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है. इसके प्रभाव से उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में मौसम में बदलाव आ सकता है और हल्की बारिश के आसार बन रहे हैं. यदि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होता है तो तापमान में फिर से गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड दोबारा लौटने की संभावना है.
ये भी पढ़ें:हरियाणा दे रहा देश में सबसे ज्यादा पेंशन, सीएम सैनी की सौगात से बुजुर्गों की हो गई बल्ले-बल्ले

