हरियाणा में फिर लौटी ठंडी रातें, उत्तर-पश्चिमी हवाओं का असर, 6 शहरों में पारा 10°C से नीचे
हरियाणा में बारिश बाद ठंडी हवाएं चलने से छह शहरों में पारा 10°C नीचे चला गया है.

Published : February 20, 2026 at 9:09 AM IST
चंडीगढ़: हरियाणा में 18 फरवरी को हुई झमाझम बारिश के बाद मौसम ने तेजी से करवट ली है. उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं और वातावरण में बढ़ी नमी के कारण राज्य के न्यूनतम तापमान में औसतन 4.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है. इससे रातें फिर से सर्द हो गई हैं. वहीं, सुबह के समय कई जिलों में हल्की धुंध देखने को मिली. हालांकि दिन चढ़ने के साथ तेज धूप निकलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत भी मिली.
छह शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे: राज्य के छह प्रमुख शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया. सोनीपत सबसे ठंडा रहा, जहां 8.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ. हिसार में 9.2 डिग्री, गुरुग्राम में 9.4 डिग्री, पानीपत में 9.5 डिग्री, जींद में 9.3 डिग्री और महेन्द्रगढ़ में 9.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. कई इलाकों में सुबह के समय ठंड का असर साफ महसूस किया गया.
Observed #Maximum #Temperature over #Punjab, #Haryana & #Chandigarh dated 19-02-26 pic.twitter.com/MMt9aEvbGk
— IMD Chandigarh (@IMD_Chandigarh) February 19, 2026
दिन में चढ़ा पारा, अंबाला सबसे गर्म: रात के मुकाबले दिन का मौसम बिल्कुल अलग नजर आया. 19 फरवरी को औसतन अधिकतम तापमान में 3.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई, जिससे दिन में हल्की गर्माहट लौट आई. Ambala में सबसे अधिक 27.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. गुरुग्राम में 26.8 डिग्री, भिवानी में 26.3 डिग्री और रोहतक में 23.6 डिग्री तापमान रहा. हिसार में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे दोपहर में गर्मी का अहसास हुआ.
शुष्क मौसम से बढ़ेगा दिन का तापमान: मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. साफ आसमान और धूप के चलते दिन का तापमान धीरे-धीरे और बढ़ सकता है. हालांकि रात के तापमान में अभी गिरावट का सिलसिला जारी रह सकता है. हवा में नमी की कमी और साफ मौसम के कारण सुबह-शाम ठंडक बनी रहेगी. मौसम के इस उतार-चढ़ाव ने लोगों को एक बार फिर सर्दी और गर्मी दोनों का एहसास करा दिया है.
ये भी पढ़ें:जींद में हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा भड़के, मंच से उतरने के लिए कहा, बाउंसरों की लोगों के साथ हुई मारपीट

