पश्चिमी विक्षोभ का असर: हरियाणा के 8 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
हरियाणा में आज 8 जिलों में बारिश की सभावना है.

Published : February 17, 2026 at 9:21 AM IST
चंडीगढ़: हरियाणा में आज पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम करवट लेने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम केंद्र चंडीगढ़ के ताजा बुलेटिन के अनुसार 17 और 18 फरवरी को राज्य के आठ जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है. खासकर राजस्थान से सटे सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और नूंह जिलों में 25 प्रतिशत तक वर्षा के आसार जताए गए हैं.
गरज-चमक के साथ 30-40 किमी रफ्तार से चलेंगी हवाएं: मौसम विभाग ने इन जिलों में बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है. विभाग के अनुसार अधिकतर स्थानों पर बिखराव वाली बारिश हो सकती है. 18 फरवरी को भी पश्चिमी और दक्षिणी हरियाणा के यही जिले प्रभावित रह सकते हैं. किसानों और आम लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
Observed #Maximum #Temperature over #Punjab, #Haryana & #Chandigarh dated 16-02-26 pic.twitter.com/2InoO3KkxV
— IMD Chandigarh (@IMD_Chandigarh) February 16, 2026
तापमान में हल्की गिरावट, दिन की गर्माहट होगी कम: बारिश और बादल छाने से अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट संभव है. फिलहाल दिन में तेज धूप के कारण हल्की गर्मी का अहसास हो रहा है, लेकिन आज मौसम बदलने से राहत मिल सकती है. वहीं रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी के संकेत हैं. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 19 फरवरी से मौसम फिर शुष्क हो जाएगा और 20 फरवरी तक प्रदेशभर में आसमान साफ रहने का अनुमान है.
अधिकतम तापमान सामान्य से 3.7 डिग्री ज्यादा: प्रदेश में अधिकतम तापमान में औसतन 0.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. तापमान सामान्य से करीब 3.7 डिग्री अधिक चल रहा है. सबसे ज्यादा 29.9 डिग्री सेल्सियस तापमान भिवानी में रिकॉर्ड किया गया. गुरुग्राम, नारनौल, सिरसा और हिसार समेत कई जिलों में पारा 28 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया, जिससे दोपहर के समय गर्मी का असर महसूस हो रहा है.
ये भी पढ़ें:हरियाणा में कांग्रेस विधायक पर केस दर्ज, कैथल SDM को झुनझुना देने की कोशिश की थी, कहा था- पकड़ो और बजाओ

