ETV Bharat / state

हरियाणा में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस हुआ एक्टिव, 15 जिलों में हुई झमाझम बारिश, 8 में ऑरेंज अलर्ट, ओलावृष्टि की संभावना

हरियाणा के 15 जिलों में बारिश हो रही है. वहीं, मौसम विभाग ने 8 में ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है.

RAINFALL IN HARYANA
हरियाणा में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस हुआ एक्टिव (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 18, 2026 at 9:35 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

चंडीगढ़: हरियाणा में बुधवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली. जींद, हिसार, हांसी, कैथल, कुरुक्षेत्र, सोनीपत, पानीपत, रोहतक, झज्जर, रेवाड़ी, फतेहाबाद, पलवल, फरीदाबाद, नूंह और नारनौल समेत 15 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. कई स्थानों पर सुबह से बादल छाए रहे, जिससे तापमान में गिरावट के संकेत मिले. मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को बीते कुछ दिनों की गर्मी से राहत मिली है.

वेस्टर्न डिस्टर्बेंस हुआ सक्रिय: मौसम विभाग के अनुसार राज्य में मंगलवार रात से ही वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हो गया था. इसके प्रभाव से हिसार और सिरसा में देर रात तेज बारिश हुई. भारत मौसम विज्ञान विभाग के चंडीगढ़ केंद्र ने चेतावनी जारी करते हुए बताया कि मौसम प्रणाली के असर से अगले 24 घंटों तक कई जिलों में तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बारिश जारी रह सकती है.

8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, ओलावृष्टि की आशंका: मौसम विज्ञान केंद्र ने सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, नूंह, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली कड़कने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. वहीं गुरुग्राम, रोहतक, जींद, कैथल, पानीपत और फरीदाबाद समेत अन्य जिलों में यलो अलर्ट जारी है, जहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर: 17 फरवरी को हरियाणा का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया. औसत तापमान में 0.4 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है. सबसे अधिक तापमान भिवानी में 30.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. हिसार में 27.9, अंबाला में 28.7, रोहतक में 27.9, गुरुग्राम में 28.1 और पानीपत में 27.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. हालांकि सिरसा और यमुनानगर में पारा 25 डिग्री से नीचे रहा.

न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी: प्रदेश में न्यूनतम तापमान में भी 2.2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई. सबसे कम न्यूनतम तापमान पानीपत में 10.1 डिग्री रहा. करनाल में 10.9, हिसार में 12.5, अंबाला में 12.8 और गुरुग्राम में 12.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया. रोहतक और नारनौल में 13.6 डिग्री तथा सिरसा में 14.7 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ. अधिकांश जिलों में रात का तापमान 12 से 14 डिग्री के बीच बना रहा, जिससे ठंड में कमी के संकेत मिल रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार आगामी बारिश और ठंडी हवाओं के प्रभाव से अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में गिरावट संभव है.

ये भी पढ़ें:हरियाणा के करनाल में बड़ा हादसा, अनियंत्रित स्कॉर्पियो जोहड़ में गिरी