ETV Bharat / state

भीषण गर्मी के बीच हरियाणा में मौसम का यू-टर्न, 10 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

हरियाणा में तेज गर्मी के बीच 10 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है.

HARYANA RAIN ALERT
हरियाणा में मौसम का यू-टर्न (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : April 17, 2026 at 9:40 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

चंडीगढ़: हरियाणा में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ली है. गुरुवार तक जहां तेज धूप और लू जैसे हालात लोगों को परेशान कर रहे थे, वहीं अब मौसम विभाग ने राहत के संकेत दिए हैं. शुक्रवार के लिए राज्य के कई हिस्सों में आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. इस बदलाव से लोगों को तपती गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.

10 जिलों में यलो अलर्ट जारी: मौसम विभाग ने पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी हरियाणा के 10 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है. सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, सोनीपत, झज्जर और महेंद्रगढ़ में तेज हवाओं के साथ मौसम बदलने की संभावना है. इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चल सकती है, साथ ही गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है.

तापमान ने तोड़े रिकॉर्ड: गर्मी का असर इस कदर रहा कि प्रदेश के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया. महेंद्रगढ़ का नारनौल सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 42°C दर्ज किया गया. इसके अलावा रोहतक 41.9°C, फरीदाबाद 41.6°C, हिसार 41.2°C और गुरुग्राम में तापमान 40°C तक पहुंच गया. औसतन अधिकतम तापमान सामान्य से 3.6°C अधिक दर्ज किया गया, जिससे दिन के समय लू जैसे हालात बन गए.

रातें भी हुईं गर्म: प्रदेश में इन दिनों दिन ही नहीं, बल्कि रात का तापमान भी लगातार बढ़ रहा है. प्रदेश में न्यूनतम तापमान औसतन 0.7°C बढ़ा है. नारनौल और चरखी दादरी में रात का तापमान 24°C तक पहुंच गया, जिससे लोगों को रात में भी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. हालांकि चंडीगढ़ जैसे कुछ क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया, जिससे हल्की राहत महसूस हुई.

तापमान में गिरावट की संभावना: मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में आंधी और बारिश के चलते तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है. बादल छाने और तेज हवाओं के कारण दिन और रात दोनों के तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा. फिलहाल लोगों को सलाह दी गई है कि वे गर्मी और बदलते मौसम के बीच सावधानी बरतें.

ये भी पढ़ें: हरियाणा में बढ़ने लगी तपिश, बढ़ते तापमान ने बढ़ाई लोगों की परेशानी, रात में भी पड़ रही गर्मी