ETV Bharat / state

हरियाणा में फरवरी माह में बढ़ी मौसम की गर्माहट, 13 जिलों में पारा 25°C पार

हरियाणा के 13 जिलों में तापमान 25°C पार होने से प्रदेश में दिन के समय लोग गर्मी महसूस कर रहे हैं.

Haryana weather update
हरियाणा में फरवरी माह में बढ़ी मौसम की गर्माहट (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 12, 2026 at 9:23 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

चंडीगढ़: हरियाणा में फरवरी के दूसरे सप्ताह में ही गर्मी के तेवर नजर आने लगे हैं. हल्की बारिश के बावजूद दिन के तापमान में बढ़ोतरी बनी हुई है. औसत अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट दर्ज की गई, लेकिन यह सामान्य से 2.3 डिग्री ऊपर रहा. पलवल में सबसे अधिक 29.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो 30 डिग्री के करीब है. बुधवार को प्रदेश के 13 जिलों में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ.

इन जिलों में तेज धूप का असर: हिसार में 25.2, नूंह में 28.0, महेंद्रगढ़ 25.6, रोहतक 25.4, सिरसा 25.5, भिवानी 27.7, फरीदाबाद 28.2, गुरुग्राम 26.3, करनाल 25.9, पानीपत 25.9, पलवल 29.2, सोनीपत 26.4 और कैथल में 25.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. दोपहर के समय तेज धूप के कारण गर्मी का एहसास बढ़ा, जिससे लोगों को कड़ाके की सर्दी से राहत मिली, लेकिन मौसम में असामान्य गर्माहट का संकेत भी मिला है.

गेहूं की फसल पर पड़ सकता है असर: हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने तापमान में बढ़ोतरी को देखते हुए गेहूं की फसल की मॉनिटरिंग शुरू कर दी है. विशेषज्ञों के अनुसार यदि तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचता है तो गेहूं की पैदावार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है. फिलहाल न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास है, जिससे फसल को तत्काल खतरा नहीं है, लेकिन लगातार गर्मी चिंता का विषय बन सकती है.

किसानों को हल्की सिंचाई की सलाह: मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव संभव है, लेकिन सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है. किसानों को सलाह दी गई है कि वे गेहूं और सरसों की फसल में नमी संतुलन बनाए रखें और जरूरत के अनुसार हल्की सिंचाई करें.

रात के तापमान में भी बढ़ोतरी: प्रदेश में न्यूनतम तापमान में औसतन 1.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक है. सबसे कम 9.3 डिग्री तापमान करनाल और सोनीपत के सारागढ़ में दर्ज हुआ. अधिकांश जिलों में रात का पारा 10 से 13 डिग्री के बीच रहा, जिससे सुबह-शाम हल्की ठंड बनी हुई है.

ये भी पढ़ें:हरियाणा में मौसम का यू-टर्न, 6 जिलों में होगी जमकर बारिश, 13 शहरों में पारा 25 पार