ETV Bharat / state

हरियाणा में मौसम का डबल असर: सुबह 50 मीटर विजिबिलिटी वाली धुंध, दोपहर में 30 सेल्सियस के करीब पहुंचा तापमान

Haryana Weather Update: हरियाणा में सुबह घनी धुंध और ठंड, दोपहर में तेज धूप से गर्मी बढ़ी. बारिश की संभावना नहीं.

Haryana Weather Update
Haryana Weather Update (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 21, 2026 at 9:23 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

चंडीगढ़: हरियाणा में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. शनिवार सुबह राज्य के ज्यादातर इलाकों में घनी धुंध छाई रही. उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण हवा में नमी बढ़ गई, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई. हिसार में सुबह के समय विजिबिलिटी करीब 50 मीटर दर्ज की गई, जिससे सड़क पर चलने वाले लोगों और वाहन चालकों को काफी दिक्कत हुई. सुबह के समय ठंडक महसूस हुई और लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा. कई जगहों पर सुबह का जनजीवन धुंध के कारण धीमा नजर आया.

दोपहर में तेज धूप से बढ़ा तापमान: सुबह की ठंड और धुंध के बाद दोपहर में मौसम पूरी तरह बदल गया. तेज धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई और लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राज्य का अधिकतम तापमान बीते 24 घंटों में सामान्य से 2.3 डिग्री ज्यादा चल रहा है. पलवल में सबसे ज्यादा 29.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. इसके अलावा चंडीगढ़ में 28.3 डिग्री, हिसार में 27.9 डिग्री, करनाल में 26.8 डिग्री और अंबाला में 26.7 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ. धूप तेज होने के कारण दोपहर में मौसम गर्म हो रहा है.

न्यूनतम तापमान में भी दर्ज हुई बढ़ोतरी: हरियाणा में रात के तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी देखने को मिली है. औसतन न्यूनतम तापमान में 0.7 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है. हिसार में सबसे कम 10.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. इसके अलावा करनाल में 11.9 डिग्री, भिवानी में 12.0 डिग्री और जींद में 14.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ. तापमान बढ़ने से रात की ठंड में थोड़ी कमी आई है, हालांकि सुबह अभी भी ठंड का असर बना हुआ है.

हरियाणा में बारिश की कोई संभावना नहीं: मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा में अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है. इस दौरान बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस होगी, जबकि दिन में धूप तेज रहेगी. विभाग का अनुमान है कि आने वाले सात दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है. इससे धीरे-धीरे ठंड कम होगी, लेकिन मौसम का ये उतार-चढ़ाव कुछ दिन और जारी रहने की संभावना है.

दिन और रात के तापमान में बढ़ रहा अंतर: हरियाणा में इस समय दिन और रात के तापमान में साफ अंतर देखा जा रहा है. सुबह और रात के समय ठंड का असर रहता है, जबकि दोपहर में धूप के कारण गर्मी महसूस हो रही है. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर-पश्चिमी हवाओं और साफ आसमान के कारण ये बदलाव हो रहा है. आने वाले दिनों में भी सुबह धुंध और दिन में तेज धूप का यही सिलसिला जारी रह सकता है. इससे लोगों को एक ही दिन में ठंड और गर्मी दोनों का अनुभव हो रहा है.

ये भी पढ़ें- चंडीगढ़ में रोज फेस्टिवल का आगाज, हेलीकॉप्टर राइड से दोगुना होगा मजा, 800 से ज्यादा गुलाब की किस्मों से महका गार्डन