IITians की फैक्ट्री बना हरियाणा सुपर 100 , 91 छात्रों ने JEE Advanced में मारी बाजी, CM सैनी ने दी बधाई
कुरुक्षेत्र के हरियाणा सुपर-100 संस्थान के 91 छात्रों ने JEE Advanced पास कर प्रदेश और संस्थान का गौरव बढ़ाया.

Published : June 2, 2026 at 1:43 PM IST
|Updated : June 2, 2026 at 3:19 PM IST
कुरुक्षेत्र: हरियाणा सरकार के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट हरियाणा सुपर 100 संस्थान ने एक बार फिर शिक्षा के क्षेत्र में इतिहास रच दिया है. कुरुक्षेत्र के बारना में स्थित इस संस्थान के 91 मेधावी विद्यार्थियों ने देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक JEE Advanced को पास कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. इस सफलता पर सूबे के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और कुरुक्षेत्र के उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने उत्तीर्ण छात्रों, उनके परिवारों और संस्थान के शिक्षकों को बधाई व उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं.
मुझे हरियाणा के अपने परिवारजनों को यह बताते हुए अत्यंत हर्ष हो रहा है कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे " सुपर-100 कार्यक्रम" के 91 नौनिहालों ने iit-jee advanced 2026 में सफलता प्राप्त कर हरियाणा का गौरव बढ़ाया है।
परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले सभी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों,…<="" p>— nayab saini (@nayabsainibjp) June 1, 2026
सफलता का सफर: दरअसल, यह सफलता इसलिए भी बेहद खास है क्योंकि पिछले कुछ दिनों पहले यह कैंपस विवादों के घेरे में आ गया था. कुछ छात्रों ने प्रबंधन पर खराब व्यवस्था और प्रताड़ना के आरोप लगाए थे, जिसके बाद तीन छात्र दीवार फांदकर भाग गए थे और माता-पिता अपने बच्चों को वापस लेने पहुंच गए थे.लेकिन इन तमाम विपरीत परिस्थितियों और मानसिक दबाव के बावजूद छात्रों ने अपना ध्यान लक्ष्य से नहीं भटकने दिया. जब परिणाम आया, तो केंपस के 100 में से 91 बच्चों ने बाजी मार ली. इस ऐतिहासिक रिजल्ट ने सभी विवादों पर विराम लगाते हुए संस्थान का नाम एक बार फिर गर्व से ऊंचा कर दिया है.
जिलावार प्रदर्शन में हिसार रहा अव्वल: इस परीक्षा में हरियाणा के लगभग हर जिले के बच्चों ने अपना दम दिखाया है. जिलों के आधार पर सफल छात्रों की संख्या इस प्रकार है
हिसार: 16 छात्र (सबसे आगे)
फतेहाबाद: 9 छात्र
फरीदाबाद और जींद: 8-8 छात्र
कैथल, गुरुग्राम और रेवाड़ी: 6-6 छात्र
महेंद्रगढ़, भिवानी, कुरुक्षेत्र और पलवल: 4-4 छात्र
चरखी दादरी, झज्जर, सोनीपत, मेवात, पंचकूला और सिरसा: 2-2 छात्र
अंबाला, करनाल और यमुनानगर: 1-1 छात्र
बेटियां और हर वर्ग आगे: इस परिणाम की खास बात यह रही कि इसमें समाज के हर वर्ग और बेटियों को बराबर प्रतिनिधित्व मिला. इसमें छात्राएं (महिला कैटेगिरी)में 35 बेटियां सफल रहीं. वहीं, अनुसूचित जाति के 37 छात्र सफल हुए. वहीं, ओबीसी वर्ग के 29 छात्र सफल हुए. इसके अलावा सामान्य वर्ग के 24 छात्र सफल हुए.
सफलता का सफर: उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने इस बारे में बताया कि, "इस सत्र की शुरुआत में मेन्स परीक्षा में संस्थान के 313 में से 235 बच्चे पास हुए थे. अंतिम चरण तक पहुंचते-पहुंचते इन 235 बच्चों में से 91 ने आईआईटी का टिकट पक्का कर लिया है."
जानें क्या है हरियाणा सुपर 100 योजना: उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने आगे कहा कि, "यह मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का एक ड्रीम प्रोजेक्ट है.जिसकी समीक्षा वे खुद करते हैं. इसका उद्देश्य सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले गरीब और होनहार बच्चों को JEE और NEET जैसी कठिन परीक्षाओं की मुफ्त कोचिंग देना. इसमें प्रवेश पाने के लिए छात्र का 10वीं कक्षा में 80% से अधिक अंक लाना जरूरी है. इसके बाद सरकार द्वारा आयोजित लेवल-1 और लेवल-2 की प्रवेश परीक्षा पास करनी होती है. चयनित बच्चों को बारना (कुरुक्षेत्र) केंपस में रहना, खाना और विकल्प संस्थान के सहयोग से टॉप-क्लास कोचिंग पूरी तरह निशुल्क दी जाती है. बच्चों के परिवार को एक भी पैसा खर्च नहीं करना पड़ता.
उपयुक्त ने दी शुभकामनाएं: उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि, "इस बेहतरीन योजना की बदौलत अब तक संस्थान से करीब 200 बच्चे IIT में और 60 बच्चे MBBS की पढ़ाई कर देश-प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं." बारना में आयोजित एक परितोष समारोह के दौरान सभी सफल छात्रों और उनके अभिभावकों को सम्मानित किया गया, जहां बच्चों ने अपनी इस भावुक और प्रेरणादायक यात्रा के अनुभव भी साझा किए.
ये भी पढ़ें: 'बेटा तू कर लेगा' के जज्बे ने IIT में दिलायी सफलता, सुनिए JEE टॉपर अर्नव की कहानी..मां-बाप की जुबानी

