ETV Bharat / state

अमेरिका से दबोचा गया ‘मोट्टा’, लॉरेंस-काला जठेड़ी लिंक वाला गैंगस्टर हरियाणा लाया गया

हरियाणा STF ने लॉरेंस-काला जठेड़ी गैंग से जुड़े सोमबीर मोट्टा का अमेरिका से प्रत्यर्पण कराया है. वो 26 मामलों में आरोपी है.

Haryana STF Extradites Gangster Sombir Motta from USA
अमेरिका से दबोचा गया ‘मोट्टा’ (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 12, 2026 at 9:34 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पंचकूला: हरियाणा एसटीएफ ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला रोहतक के कुख्यात गैंगस्टर 39 वर्षीय सोमबीर उर्फ मोट्टा का अमेरिका से प्रत्यर्पण कराने में कामयाबी हासिल की है. साल 2025 से अब तक यह एसटीएफ हरियाणा द्वारा यह दसवां बड़ा प्रत्यर्पण किया गया है, जबकि अमेरिका से तीसरा प्रत्यर्पण है.

इनका प्रत्यर्पण भी कराया: इससे पूर्व 25 अक्टूबर 2025 को लखविंदर उर्फ लखा और 7 जनवरी 2026 को अमन भैंसवाल का प्रत्यर्पण किया जा चुका है. एसटीएफ हरियाणा संगठित अपराध के खिलाफ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निरंतर, प्रभावी और समन्वित प्रयास में जुटी है.

अपराध के खिलाफ सख्त संदेश: इस बारे में हरियाणा के डीजीपी अजय सिंघल ने कहा कि, "कुख्यात गैंगस्टर सोमबीर उर्फ मोट्टा का संयुक्त राज्य अमेरिका से सफल प्रत्यर्पण एसटीएफ हरियाणा की पेशेवर दक्षता, तकनीकी क्षमता और मजबूत अनुसंधान प्रणाली का प्रमाण है. इस कार्रवाई में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ निरंतर समन्वय, सटीक कानूनी प्रक्रिया और ठोस साक्ष्य प्रस्तुति ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. संगठित अपराध के विरुद्ध राज्य सरकार और पुलिस विभाग की नीति जीरो टॉलरेंस की है. यह प्रत्यर्पण न केवल एक बड़ी कानूनी उपलब्धि है, बल्कि उन सभी अपराधियों के लिए कड़ा संदेश है, जो देश से बाहर जाकर कानून से बचने का प्रयास करते हैं. कहा कि अपराधी दुनिया के किसी भी कोने में क्यों न छिपे हों, हरियाणा पुलिस उन्हें न्याय के कटघरे तक लाने के लिए प्रतिबद्ध है."

इन अपराधों में था शामिल: सोमबीर उर्फ मोट्टा कुख्यात अपराधी अनिल छिप्पी का भाई है और इसके लॉरेंस बिश्नोई और काला जठेड़ी गैंग से निकट संबंध रहे हैं. वर्ष 2014 में गुरुग्राम की भोंडसी जेल में मैनपाल बादली गैंग के सदस्य की हत्या में भी सोमबीर की संलिप्तता पाई गई थी. आरोपी हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी वसूली, डकैती, लूट और आर्म्स एक्ट के तहत गंभीर अपराधों में सक्रिय रहा है. इसकी आपराधिक गतिविधियां रोहतक, सोनीपत, झज्जर, बहादुरगढ़, गुरुग्राम, दिल्ली एवं राजस्थान सहित विभिन्न क्षेत्रों में फैली थी.

आपराधिक मामलों की हिस्ट्री: सोमबीर मोट्टा हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में दर्ज 26 संगीन आपराधिक मामलो में आरोपी है. इन मामलों में हत्या, हत्या का प्रयास, रंगदारी, डकैती, लूट, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट से संबंधित अपराध शामिल हैं. इसके साथ ही उसे प्रोक्लेमड ऑफेंडर भी घोषित किया गया है. आरोपी के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया गया था और इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस (आरसीएन) भी प्रसारित किया गया.

मुंबई एयरपोर्ट से बैंकॉक के लिए भारत छोड़ा: जांच में पाया गया कि सोमबीर मोट्टा ने धोखाधड़ी से प्राप्त पासपोर्ट के जरिए 3 जनवरी 2024 को मुंबई एयरपोर्ट से बैंकॉक के लिए भारत छोड़ा था. उक्त पासपोर्ट आरपीओ गाजियाबाद द्वारा 14 अगस्त 2024 को निरस्त कर दिया गया. इस संबंध में थाना आईएमटी रोहतक में धारा 420 आईपीसी एवं 12-सी पासपोर्ट एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया.

ये भी पढ़ें:प्रोडक्शन वारंट पर रोहतक लाया गया कुख्यात गैंगस्टर अमन भैंसवाल, अमेरिका से डिपोर्ट के बाद एयरपोर्ट से हुई गिरफ्तारी