हरियाणा राज्यस्तरीय कराटे चैंपियनशिप में भिवानी के खिलाड़ी रहे ऑल ओवर चैंपियन, हिसार दूसरे और सोनीपत ने हासिल किया तीसरा स्थान
हरियाणा के भिवानी में आयोजित राज्यस्तरीय कराटे चैंपियनशिप में भिवानी पहले स्थान पर रहा, जबकि हिसार और सोनीपत ने दूसरा व तीसरा स्थान हासिल किया.


Published : December 23, 2025 at 10:11 AM IST
भिवानी: हरियाणा के भिवानी में दो दिवसीय राज्यस्तरीय कराटे चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में प्रदेशभर से आए खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. प्रतियोगिता का आयोजन ऑल इंडिया कराटे ऑर्गेनाइजेशन एवं वेदांक ग्लोबल स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के बैनर तले कराया गया. 5वीं हरियाणा राज्य स्तरीय ओपन कराटे चैंपियनशिप 2025 का शुभारंभ भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह ने किया था.
खिलाड़ियों ने मेडलों पर किया कब्जा: प्रतियोगिता के ओपन चैलेंज वर्ग में बॉबी ने स्वर्ण पदक जीतकर भिवानी जिले का नाम रोशन किया. इस उपलब्धि पर उन्हें 1,000 नगद पुरस्कार, मेडल एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया. इसी क्रम में मन्नत, मनन, आसी, दिव्य, भावेश एवं तेजस ने गोल्ड मेडल अपने नाम किए. वहीं प्रियंका, साक्षी एवं भाव्य ने रजत पदक प्राप्त किए.
पहले नंबर पर रहे भिवानी के खिलाड़ी: एलेक्स, चिराग एवं गुंजन ने कांस्य पदक जीतकर अपने-अपने जिलों का गौरव बढ़ाया. ऑल ओवर चैंपियनशिप में भिवानी जिले के खिलाडिय़ों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि हिसार जिले के खिलाडिय़ों ने द्वितीय तथा सोनीपत जिले के खिलाड़ियों ने तृतीय स्थान हासिल किया. विजेता एवं उपविजेता खिलाडिय़ों को नगद पुरस्कार, मेडल एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया.
विधायक भी रहे मौजूद: कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक घनश्याम सर्राफ एवं समारोह के अध्यक्ष भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह ने कहा कि "कराटे का खेल आज राज्य व राष्ट्रीय स्तर की खेल स्पर्धाओं में महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त कर चुका है. जिससे खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर और हौसला मिल रहा है. कराटे न केवल खेल है, बल्कि यह आत्मरक्षा के लिए भी सशक्त माध्यम है". इसके अलावा, उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि "वे बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि वे स्वस्थ, आत्मनिर्भर और सशक्त नागरिक बन सके".
ये भी पढ़ें: भिवानी की बेटी मुस्कान श्योराण का जोरदार स्वागत, एशियन यूथ पैरा गेम्स 2025 में जीते दो पदक

