ETV Bharat / state

समय से पहले गर्मी से तप रहा हरियाणा, फरवरी में अप्रैल जैसी गर्मी, रबी फसलों पर मंडराया संकट

हरियाणा में फरवरी में तापमान 30 डिग्री पार पहुंच गया है. वहीं, बढ़ती गर्मी से गेहूं और रबी फसलों पर खतरा बढ़ गया है.

HARYANA WEATHER UPDATE
समय से पहले गर्मी से तप रहा हरियाणा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 26, 2026 at 9:29 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

चंडीगढ़: फरवरी के आखिरी सप्ताह में हरियाणा में मौसम ने चौंका दिया है. दोपहर के समय अप्रैल जैसी गर्मी महसूस की जा रही है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार राज्य के पांच शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक है. मौसम में आई इस असामान्य गर्माहट ने लोगों को समय से पहले गर्मी का एहसास करा दिया है.

इन शहरों में 30°C पार पहुंचा पारा: मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक भिवानी में 31.0°C, नूंह में 30.9°C, महेंद्रगढ़ में 30.3°C, गुरुग्राम में 30.2°C और नारनौल में 30.2°C तापमान दर्ज किया गया. हिसार और भिवानी में भी पारा 30 डिग्री के आसपास रहा. लगातार बढ़ते तापमान ने दिन के साथ-साथ रातों को भी अपेक्षाकृत गर्म बना दिया है.

न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर: केवल दिन का तापमान ही नहीं, बल्कि रात का पारा भी बढ़ रहा है. औसत न्यूनतम तापमान में करीब 0.5 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है और यह सामान्य से लगभग 2 डिग्री अधिक बना हुआ है. राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान जींद में 11°C रिकॉर्ड किया गया. रात के तापमान में बढ़ोतरी से फसलों पर अतिरिक्त दबाव पड़ने की आशंका है.

गेहूं की फसल पर मंडराया खतरा: चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के गेहूं विशेषज्ञ डॉ. ओपी बिश्नोई के अनुसार इस समय गेहूं की फसल बालियां बनने और दाने भरने की अवस्था में है. ऐसे में अधिक तापमान से दाने पतले रह सकते हैं और उत्पादन घट सकता है. रात का तापमान बढ़ने से पौधों की श्वसन क्रिया तेज होती है, जिससे ऊर्जा खपत बढ़ती है और दानों का वजन कम हो सकता है. किसानों को हल्की सिंचाई कर खेत में नमी बनाए रखने और आवश्यक पोषक तत्व देने की सलाह दी गई है.

28 फरवरी तक मौसम रहेगा खुश्क: विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के सीनियर वैज्ञानिक डॉ. चंद्रशेखर डागर के अनुसार 28 फरवरी तक प्रदेश में मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा. उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना है, जिससे रात के तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है. 28 फरवरी को आंशिक बादल छाने के आसार हैं. इस दौरान अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री और न्यूनतम 9 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई गई है.

ये भी पढ़ें:हरियाणा में मार्च से पहले ही गर्मी ने दिखाई तेवर, 10 जिलों में 28 डिग्री के पार पारा