हरियाणा सचिवालय में IAS अधिकारी के सचिव ने की खुदकुशी, मचा हड़कंप, कुछ दिनों बाद होनी थी रिटायरमेंट
हरियाणा सचिवालय में आज एक सचिव ने खुदकुशी कर ली.

Published : February 25, 2026 at 2:43 PM IST
|Updated : February 25, 2026 at 3:54 PM IST
चंडीगढ़: हरियाणा सचिवालय में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक कर्मचारी ने खुदकुशी कर ली. घटना आज दोपहर करीब 12:24 बजे की है. सचिवालय में रोज़ की तरह कामकाज चल रहा था, तभी अचानक कर्मचारी ने खुदकुशी कर ली. सूचना मिलते ही सुरक्षाकर्मियों ने पुलिस को बुलाया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर-16 स्थित सिविल अस्पताल भिजवा दिया है.
IAS अधिकारी के करीबी सहयोगी थे गणेश अरोड़ा: मृतक की पहचान गणेश दास अरोड़ा के रूप में हुई है. वे वरिष्ठ IAS अधिकारी हितेश कुमार मीणा के स्पेशल सीनियर सेक्रेटरी के पद पर तैनात थे. उनकी रिटायरमेंट इसी वर्ष अक्टूबर में होनी थी. उनकी पत्नी उमा अरोड़ा गवर्नर हाउस में कार्यरत हैं. घटना के बाद से परिवार और सहकर्मी सदमे में हैं. कोई समझ नहीं पा रहा है कि आखिर उन्होंने अचानक से ऐसा कदम क्यों उठाया.
काम करते-करते अचानक पहुंचे छत पर: प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गणेश अरोड़ा अपने कार्यालय में हर रोज की तरह सामान्य रूप से काम कर रहे थे. अचानक वे कुर्सी से उठे और खुदकुशी कर ली. सहकर्मी कुछ समझ पाते उससे पहले ही उन्होंने ये घातक कदम उठा लिया था.
15 दिन पहले भी की थी आत्महत्या की कोशिश: सचिवालय के कर्मचारियों का कहना है कि करीब 15 दिन पहले भी उन्होंने खुदकुशी का प्रयास किया था, हालांकि उस समय साथियों ने उन्हें पकड़कर बचा लिया था. वहीं, आज गणेश ने खुदकुशी कर ली. फिलहाल पुलिस खुदकुशी के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है.
ये भी पढ़ें:IDFC First बैंक घोटाला: मास्टरमाइंड रिभव ऋषि समेत 4 गिरफ्तार, हरियाणा विजिलेंस ने देर रात की कार्रवाई

