ETV Bharat / state

हरियाणा में कचरा उठाने पर घमासान, झज्जर में रात 2 बजे भिड़े सफाईकर्मी-पुलिस, महिलाओं ने JCB रोकी, हिसार में भी पुलिस से झड़प

हरियाणा में सफाईकर्मियों की हड़ताल के बीच कूड़ा उठाने को लेकर झज्जर और हिसार में सफाई कर्मियों और पुलिस प्रशासन के बीच झड़प हुई.

haryana sanitation workers protest
हरियाणा में कचरा को लेकर घमासान (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : September 2, 2026 at 11:33 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

झज्जर/हिसार:हरियाणा में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच कूड़ा उठाने को लेकर प्रशासन और कर्मचारियों के बीच टकराव बढ़ता जा रहा है. मंगलवार रात झज्जर के बहादुरगढ़ में पुलिस और सफाई कर्मचारियों के बीच करीब तीन घंटे तक हंगामा चला. वहीं, मंगलवार को हिसार में भी कूड़ा उठाने पहुंची नगर निगम की गाड़ियों को रोकने के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों में झड़प हुई.

रात 2 बजे पहुंचा प्रशासन: बहादुरगढ़ में सफाई कर्मचारी शाम करीब 4 बजे से धरना दे रहे थे. रात करीब 2 बजे पुलिस और प्रशासन की टीम JCB के साथ कूड़ा उठाने पहुंची. कर्मचारियों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया. प्रशासन की ओर से उन्हें समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन कर्मचारी कूड़ा डलाव घर में पहुंचकर विरोध करने लगे.

हरियाणा में कचरा उठाने पर घमासान (ETV Bharat)

लाठियां फटकारने का आरोप: विरोध बढ़ने के बाद पुलिस ने कर्मचारियों को हटाने का प्रयास किया. सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि पुलिस ने लाठियां फटकारीं और कई कर्मचारियों को घसीटकर हिरासत में लिया. महिला कर्मचारियों ने भी पुलिस कार्रवाई का विरोध किया. इस दौरान मौके पर तनाव का माहौल बना रहा.

JCB पर चढ़ीं महिला कर्मचारी: पुलिस कार्रवाई के विरोध में कुछ महिला सफाई कर्मचारी JCB पर चढ़ गईं. कुछ कर्मचारियों ने JCB के टायरों की हवा भी निकाल दी. इस दौरान JCB चालक और कर्मचारियों के बीच कहासुनी हुई. महिला कर्मचारियों के विरोध और पुलिस कार्रवाई के वीडियो भी सामने आए हैं. हालांकि, इन वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.

haryana sanitation workers protest
रात 2 बजे भिड़े सफाईकर्मी-पुलिस (ETV Bharat)

सुबह 5 बजे तक चलता रहा हंगामा: झज्जर में शुरू हुआ विवाद सुबह करीब 5 बजे तक चलता रहा. पुलिस ने मौके से कई सफाई कर्मचारियों को हिरासत में लिया. वहीं, प्रशासन की टीम पुलिस सुरक्षा के बीच कूड़ा उठाने में जुटी रही. झड़प में कुछ कर्मचारियों के घायल होने की भी सूचना है और वे मेडिकल जांच के लिए अस्पताल पहुंचे.

28 दिन से आंदोलन पर कर्मचारी:सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पिछले 28 दिनों से जारी है और इसे 2 सितंबर तक बढ़ाने का फैसला लिया गया है. कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. दूसरी ओर, शहरों में जमा कूड़े को देखते हुए प्रशासन वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए कूड़ा उठाने का प्रयास कर रहा है. इसी व्यवस्था को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ रहे हैं.

haryana sanitation workers protest
झज्जर में रात 2 बजे भिड़े सफाईकर्मी-पुलिस (ETV Bharat)

हिसार में भी हुआ था बड़ा बवाल:इधर, हिसार में भी मंगलवार को कूड़ा उठाने को लेकर तनाव की स्थिति बनी. पूर्व डिप्टी सीएम की कोठी के सामने नगर निगम की कचरा उठाने वाली गाड़ियों को पुलिस सुरक्षा में ले जाया गया. प्रदर्शनकारी सफाई कर्मचारियों ने गाड़ियों को रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस और कर्मचारियों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प हुई.

ड्राइवर और पुलिस से भी भिड़े कर्मचारी: हिसार में प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने कूड़ा उठाने वाले वाहन के ड्राइवर को बाहर खींचने का प्रयास किया. पुलिस के साथ भी धक्का-मुक्की हुई. कर्मचारियों के विरोध के बीच पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाया और कुछ को हिरासत में लिया. इस घटना में सात पुलिसकर्मियों के मामूली रूप से घायल होने की सूचना है.

पूरे हरियाणा में बढ़ रहा तनाव: झज्जर और हिसार की घटनाएं बताती हैं कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल अब केवल कूड़ा उठान का मुद्दा नहीं रह गई है, बल्कि प्रशासन और कर्मचारियों के बीच सीधा टकराव बनती जा रही है. प्रशासन के सामने शहरों से कूड़ा हटाने की चुनौती है, जबकि कर्मचारी अपनी मांगों पर पीछे हटने को तैयार नहीं हैं. ऐसे में आने वाले दिनों में हरियाणा के अन्य शहरों में भी तनाव बढ़ने की आशंका बनी हुई है.

ये भी पढ़ें:हरियाणा में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल 3 दिन और बढ़ी, सरकार को 2 सितंबर तक अल्टीमेटम