करनाल में हरियाणा रोडवेज की बस ने दो लोगों को कुचल डाला, गुस्साए लोगों ने बस पर किया पथराव
हरियाणा के करनाल में हरियाणा रोडवेज की बस ने बाइक सवार दो लोगों को कुचल डाला जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई.

Published : December 21, 2025 at 10:09 PM IST
|Updated : December 21, 2025 at 10:31 PM IST
करनाल : हरियाणा के करनाल के घरौंडा पुराने बस स्टैंड के नजदीक हरियाणा रोडवेज की तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया है जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया. गुस्साए लोगों ने हरियाणा रोडवेज के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बस पर पथराव कर उसके शीशे तोड़ दिए और सड़क जाम कर दिया.
हरियाणा रोडवेज की बस ने मारी टक्कर : हरियाणा रोडवेज रोहतक डिपो की बस चंडीगढ़ से रोहतक की ओर जा रही थी. जब बस पुराने बस स्टैंड के पास अग्निशमन केंद्र के सामने पहुंची, तभी घरौंडा से पानीपत की ओर जा रही बाइक को बस ने जबरदस्त टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक बस के नीचे आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
हादसे के बाद फूटा लोगों का आक्रोश : हादसे के बाद बस ड्राइवर बस लेकर मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने बस को घेर लिया. हालांकि ड्राइवर बिना बस के ही वहां से भाग निकला. इसके बाद गुस्साए लोगों ने बस की चाबी निकाल ली और सेन चौक पर भारी संख्या में जमा हो गए. फिर लोगों का आक्रोश फूटा और हरियाणा रोडवेज के खिलाफ नारेबाज़ी करते हुए बस पर पथराव कर दिया जिससे बस के शीशे टूट गए. इसके बाद लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया और करीब आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा. सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाने की कोशिश की. इसके बाद पुलिस ने जाम खुलवाया और यातायात को सुचारू कराया.

मृतक की दो बेटियां हैं : मृतक के भाई रोशन लाल ने बताया कि वो गढ़ शरनाई गांव के रहने वाले है. इस हादसे में उसके भाई 28 वर्षीय इंदर कुमार की मौत हो गई है जिसकी दो छोटी बच्चियां हैं. वो अपनी बेटी के कपड़े लेने के लिए गया हुआ था. वहीं दूसरे युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के गांव नागल निवासी सचिन कुमार के रूप में हुई है. दोनों युवक गांव अलीपुरा स्थित एक फैक्ट्री में मजदूरी का कार्य करते थे और किसी काम से घरौंडा आए हुए थे.

ओवरटेक करने के दौरान हादसा : इस बीच प्रत्यक्षदर्शी का कहना है कि रोडवेज बस का ड्राइवर दूसरी गाड़ी को ओवरटेक कर रहा था और ओवरटेक करने के चलते मोटरसाइकिल पर जा रहे दो लोगों को उसने कुचल दिया है और मौके से फरार होने लगा लेकिन वहां पर मौजूद लोगों के द्वारा कुछ दूरी पर उसको रोक लिया गया. हालांकि इसके बाद भी वो कुछ देर बाद लोगों को चकमा देकर मौके से फरार हो गया.

फरार बस ड्राइवर की तलाश जारी : घरौंडा थाने के जांच अधिकारी उमेश त्यागी ने बताया कि हरियाणा रोडवेज रोहतक डिपो की बस द्वारा बाइक को टक्कर मारने से ये हादसा हुआ है. बाइक पर सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए करनाल भिजवा दिया है. मामले की जांच की जा रही है और फरार बस ड्राइवर की तलाश जारी है.


हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें - करनाल में यात्रियों से भरी रोडवेज बस पलटी, चालक पर लापरवाही का आरोप
ये भी पढ़ें - फरीदाबाद में NH-19 पर अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने कई वाहनों को मारी टक्कर, कई लोग घायल, चालक हिरासत में
ये भी पढ़ें - गुरुग्राम में बीच सड़क कार और बाइक में भीषण टक्कर, कैमरे में कैद हुआ हादसा

