ETV Bharat / state

फरीदाबाद के मुजेसर अग्निकांड में घायल हरियाणा पुलिस के जवान की मौत, अब तक 4 लोगों ने गंवाई जान

फरीदाबाद के मुजेसर अग्निकांड में कुल 37 लोग घायल हुए थे. घायलों में अबतक 4 लोगों की मौत हो चुकी है.

Mujesar fire incident
मुजेसर अग्निकांड में घायल हरियाणा पुलिस के जवान की मौत (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 21, 2026 at 9:07 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

फरीदाबादः हरियाणा के फरीदाबाद जिले के मुजेसर में एक वर्कशॉप में बीते 16 फरवरी को आग लग गई थी. इस हादसे में कुल 37 लोग झुलसे थे. शनिवार को हादसे में घायल हुए हरियाणा पुलिस में तैनात एक पीएसआई रवि की भी मौत हो गई. कैथल जिला के क्योड़क गांव निवासी रवि मार्च 2022 में हरियाणा पुलिस में पीएसआई के पद पर भर्ती हुए थे. वे विवाहित थे. इससे पहले घायलों में एक वर्कशॉप के मालिक का बेटे सहित 3 मौत हो चुकी है. हादसे में मृत पुलिसकर्मी को विभाग की ओर राज्य सरकार के नियमानुसार मुआवजा और अन्य सुविधाएं परिवार को उपलब्ध करायी जायेंगी.

नियमानुसार रवि के परिजनों को मिलेगा मुआवजाः फरीदाबाद के पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने शनिवार को बताया कि "16 फरवरी को कालकाजी लुब्रिकेंट्स नामक वर्कशॉप में हुए अग्निकांड में कुल 37 लोग घायल हो गए थे. इसमें इलाज के दौरान 2 की मौत 19 फरवरी को हुई थी. एक मौत 20 फरवरी को हुई थी. आज हरियाणा पुलिस के पीएसआई रवि की भी मौत हो गई. विभाग की ओर से निर्धारित मुआवजे की राशि व अन्य सुविधाएं दी जायेगी. यदि शहीद का दर्जा बनता है तो वो भी दिया जायेगा."

16 फरवरी को हुए मुजेसर अग्निकांड में अबतक कुल 4 की मौत (Etv Bharat)

हादसे में कुल 37 लोग झुलसे थेः बता दें कि मुजेसर अग्निकांड में रेस्क्यू करने पहुंचे दो दमकल कर्मी सहित कुल 37 लोग बुरी तरह से झुलस गए थे. घायलों का दिल्ली के सफदरजंग और ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा था. जिनमें से रेस्क्यू के दौरान झुलसे हरियाणा पुलिस के पीएसआई रवि और एक दमकल कर्मी के साथ साथ वर्कशॉप के मालिक के बेटे और एक वर्कशॉप के कर्मचारी सहित अबतक कुल चार लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है. पुलिस की ओर से शवों का दिल्ली में पोस्टमार्टम करा कर उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं.

आग के कारण केमिकल और ऑयल ड्रम में हुआ था ब्लास्टः बता दें कि बीते 16 फरवरी की शाम मुजेसर इलाके में कालकाजी लुब्रिकेंट्स नाम के एक वर्कशॉप की CNC मशीन में आग लग गई थी. इसके बाद आग तेजी से फैल गई और वर्कशॉप के सामने रखे केमिकल और ऑयल से भरे ड्रमों में आग लग गई. आग ने भीषण रूप ले लिया. घटना की जानकारी मिलने के बाद मुजेसर थाने में तैनात PSI रवि अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए और फायर ब्रिगेड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिशें करने लगी. इस दौरान बाहर रखे केमिकल के ड्रमों में धमाके होना शुरू हो गए, जिसकी चपेट में आकर पीएसआई रवि, दमकल कर्मी भविचंद, वर्कशॉप के मालिक का बेटा और उसका एक स्टॉफ बुरी तरह झुलस गया. हादसे की चपेट में कई राहगीर भी आ गए.

Mujesar fire incident
कैथल निवासी अग्निकांड में घायल रवि की मौत (Etv Bharat)

मुकद्दर थाने में तैनात थे पीएसआई रविः आनन फानन में सभी 37 घायलों को फरीदाबाद के बादशाह खान सिविल अस्पताल में लाया गया. घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को दिल्ली के सफदरजंग और ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया, जहां बीते 19 फरवरी को वर्कशॉप के मालिक के बेटे सहित वर्कशॉप में काम करने वाले एक कर्मचारी की मौत हो गई थी. फिर 20 फरवरी को दमकल कर्मी भविचंद की मौत हो गई थी और आज यानी 21 फरवरी को मुकद्दर थाने में तैनात पीएसआई रवि की भी मौत हो गई है.

ये भी पढ़ें-फरीदाबाद की केमिकल कंपनी में ब्लास्ट के बाद भीषण आग, 42 लोग झुलसे, इलाके को खाली कराया गया